जबलपुर

शिक्षक की दानशीलता को सेल्यूट, सशस्त्र सेना के फण्ड में दिया बड़ा दान

– पूर्व सैनिकों की मदद में लोग आगे शासकीय व निजी संस्थाएं पिछड़ीं, सशस्त्र सेना झंडा दिवस दानराशि: समय से पहले जुटाए 25 लाख रुपए

जबलपुरDec 07, 2019 / 09:13 pm

गोविंदराम ठाकरे

जबलपुर. जिला सैनिक कल्याण बोर्ड पूर्व सैनिकों और उनके परिवार के सदस्यों को विभिन्न कार्यों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराता है। शासकीय और निजी संस्थाओं को बोर्ड झंडे उपलब्ध कराता है। इस बार शासकीय और निजी संस्थाओं की तुला में व्यक्तिगत सहायता ज्यादा मिली, इससे लक्ष्य समय से पहले पूरा हो गया।
रटायर प्राइमरी शिक्षक ने दिए 51 हजार रुपए
सशस्त्र सेना झंडा दिवस दान राशि के रूप में 86 वर्षीय रिटायर प्राइमरी शिक्षक बसंत गड़े ने वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए अभी से 51 हजार 151 रुपए की राशि का चेक प्रदान किया। जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के कल्याण अधिकारी सुभाष तिवारी को शुक्रवार को उन्होंने अपने घर से चेक दिया। चालू वित्तीय वर्ष के लिए भी वे पहले तीन लाख 51 हजार रुपए की राशि दे चुके हैं। एकमुश्त इतनी राशि देने वाले वे जिला या कहें पूरे प्रदेश में अकेले व्यक्ति हैं। उन्होंने दोनों वर्षों की मिलाकर चार लाख रुपए से राशि दान स्वरूप सैनिक कल्याण बोर्ड को प्रदान की।
लोग आगे संस्थाएं पीछे
सशस्त्र सेना झंडा दिवस दान राशि देने में शासकीय और निजी संस्थाओं की अपेक्षा व्यक्ति आगे रहे। इसलिए जिला सैनिक कल्याण बोर्ड का खजाना समय से पहले भर गया। बोर्ड ने 11.60 लाख रुपए दानराशि जुटाने का लक्ष्य रखा था। बोर्ड के खजाने में 25 लाख रुपए जाम हो चुके हैं। राशि पूरे मध्यप्रदेश के सैनिक कल्याण बोर्ड की ओर से जुटाई गई दानराशि में सबसे अधिक है। सात दिसम्बर को झंडा दिवस पर राशि शासन के सुपुर्द की जाएगी।
सात हजार पूर्व सैनिक
जिला सैनिक कल्याण बोर्ड में जबलपुर और मंडला के सात हजार भूतपूर्व सैनिक पंजीकृत हैं। जिले में 250 शासकीय अशासकीय संस्थाओं को झंडा स्टीकर और झंडे भेजे जाते हैं। शासन के कई विभागों सहित करीब 100 संस्थाओं ने सहयोग नहीं किया। कुछ संगठन ऐसे भी हैं, जिन्हें झंडे नहीं भेजे गए थे, लेकिन उन्होंने दानराशि दी। इनमें मानस मंडल नेमा समाज ने एक लाख रुपए और मराठी भाषिक ज्येष्ठ नागरिक महामंडल जबलपुर ने 71 हजार रुपए जमा कराए।
बड़े दानदाता
दानदाता : राशि (रुपए में)
बसंत गड़े : 3.51 लाख
गोपाल सिंघल : 50 हजार
नंदकिशोर नेमा : 31 हजार
प्रदीप मुखर्जी : 30 हजार
रोहित यादव : 20 हजार

Hindi News / Jabalpur / शिक्षक की दानशीलता को सेल्यूट, सशस्त्र सेना के फण्ड में दिया बड़ा दान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.