scriptशिवालयों में गूंज रहा हर-हर महादेव | savan me shivji ki upasna in hindi | Patrika News

शिवालयों में गूंज रहा हर-हर महादेव

locationजबलपुरPublished: Aug 06, 2019 06:24:26 pm

Submitted by:

Sanjay Umrey

श्रावण मास में नित हो रहे अनुष्ठान, निकाली जा रहीं कांवड़ यात्राएं, शिवजी का किया जा रहा अभिषेक

savan mah

savan mah

जबलपुर। श्रावण मास में संस्कारधानी में प्रतिदिन विभिन्न शिव मंदिरों में शिवजी की उपासना की जा रही है। शिवालयों में भक्तों का तांता लग रहा है। गत दिवस शिवालयों में सूर्योदय से देर रात तक दर्शन-पूजन, जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक हुए। भगवान शिव पार्वती मंदिरों में श्रृंगार दर्शन और महाआरती में काफी संख्या में भक्तों ने मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। कांवडिय़ों ने ग्वारीघाट एवं तिलवाराघाट से जल भरकर कांवड़ यात्रा निकाली और शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया।
विजय नगर स्थित कचनार सिटी शिव मंदिर में भोलेनाथ की 76 फुट ऊंची प्रतिमा के दर्शन पूजन करने के लिए आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही भक्तों ने अभिषेक किया। इस मंदिर मार्ग पर मेला जैसा दृश्य दिखा। गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में प्राचीन गुफा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए महिला-पुरुषों की लम्बी कतारें लगी रहीं। पाइप के माध्यम से ऐसी व्यवस्था की गई है कि श्रद्धालु बाहर से जलाभिषेक कर रहे हैं और प्राचीन शिवलिंग पर उनका जल अर्पित हो रहा है। गैबीनाथ महादेव मंदिर में पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक किया गया। श्री शिव पार्वती मंदिर भरतीपुर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कांच मंदिर जिलहरी घाट, पशुपति नाथ मंदिर लम्हेटाघाट, भगवान बद्रीनाथ मंदिर पिसनहारी मढिय़ा, शिव मंदिर सिद्ध बाबा वार्ड सहित प्रमुख मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान हुए।
नागदेवता का पूजन
नागपंचमी पर लोगों ने घर के बाहर नाग की आकृति बनाकर नागदेवता का पूजन किया। तिलवाराघाट स्थित मारकंडेय धाम में श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सामूहिक रूप से नागदेवता का पूजन किया। जागरुकता के कारण लोगों ने सपेरों की पिटारी में कैद सांपों का पूजन करने से मना किया और वन विभाग की टीम को सूचना देकर सांपों को स्वतंत्र भी कराया। ग्वारीघाट स्थित नाग मंदिर में श्रद्धालुओं ने नाग देवता के दर्शन किए। सुबह से देर शाम तक दर्शन कर लोगों ने सुख समृद्धि की कामना की। कतारों में लगकर पुरुष-महिला श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
21 क्विंटल का भोग
शारदा मंदिर मदन महल मार्ग पर भक्तों ने भगवती को 21 क्विंटल का भोग अर्पित किया। मंदिर से दर्शन कर वापस होने वाले श्रद्धालुओं ने प्रसाद प्राप्त किया। आयोजक पार्षद केवल कृष्ण आहुजा ने बताया, सावन सोमवार को भक्ति भाव से भंडारा आयोजित किया गया। इस अवसर पर महापौर स्वाति गोडबोले, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश सोनकर, पूर्व पार्षद द्वारिका मिश्रा, कांग्रेस नेता जगत बहादुर अन्नू एवं गौरव भनोत उपस्थित थे।
मक्र वाहिनी मंदिर
मक्रवाहिनी मंदिर पानदरीबा में सावन सोमवार को भक्तों ने पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रूद्राभिषेक किया। मंदिर के पुजारी नरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनुष्ठान कराया। सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
पहलवानों ने लगाए दांव, शौर्य कौशल का प्रदर्शन
नागपंचमी पर सोमवार को शहर के अखाड़ों में कुश्ती और कौशल प्रदर्शन के आयोजन हुए। उभरते पहलवानों ने इनाम भी जीते। शिवाजी मैदान सदर में मंगलवार से तीन दिवसीय कुश्ती स्पर्धा होगी। कजरवारा स्थित खेरमाई मंदिर प्रांगण में इनामी कुश्ती दंगल में सौ पहलवानों ने जोर आजमाया। इस मौके पर वित्तमंत्री तरूण भनोज, कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष अर्जुन यादव, मंटू पहलवान, दीपांकर बैनर्जी, राजेश बेन, प्रकाश राय एवं राजेश शंकर उपस्थित थे। सीताराम उस्ताद अखाड़ा गंगा सागर रोड में नागपंचमी महोत्सव हुआ। संचालक गोलू खलीफा की देख-रेख में प्रदर्शन किया। डॉ. पवन स्थापक, नितिन भाटिया, लाखन,मोहन, दीपक उपस्थित थे। मुल्तानी व्यायामशाला मढ़ाताल में युवा कलाकारों ने लाठी प्रदर्शन, तलवार की नोंक पर नारियल फोडऩे जैसे हैरतअंगेज करतब दिखाए। रमेश सिंह, कुंवर सिह राजपूत, पंचम कमलेश सिंह राजपूत एवं विजय सिंह बैस उपस्थित थे। उस्ताद गंगा प्रसाद तिवारी बाजपेयी अखाड़ा सदर में शाम 4 बजे चार दिवसीय कुश्ती दंगल शुरू हुआ।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो