बच्चों को दिखी लाश
टीआइ मरावी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 9 बजे चौरई कला स्थित प्राथमिक शाला में आम दिनों की तरह चहल पहल थी। बच्चे का स्कूल में पहुंचने का क्रम जारी था। इसी बीच बच्चों की नजर स्कूल परिसर पर पड़ी रक्तरंजित लाश पर पड़ी। वे डर गए और शोर मचाने लगे। बच्चों का शोर सुनकर ग्रामीण व शिक्षक वहां पहुंच गए और लाश को देखने के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहले गांव में पतासाजी की लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो पा रही थी। बाद में पुलिस ने आस-पास के गांवों में सूचना भिजवायी। दोपहर एक बजे उसकी पहचान घटनास्थल से आठ किमी दूर तौरी गांव निवासी गनपत सिंह (25) के रूप में हुई। गांव के कुछ लोगों ने पहुंच कर उसकी शिनाख्त की। तब उसके पिता कंधीलाल को जानकारी दी गई। इस गांव से भी भारी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। काफी देर तक गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
चार दिन पहले सूरत से लौटा था
पुलिस के मुताबिक गनपत सूरत में नौकरी करता था। चार दिन पहले ही वह घर आया था। बुधवार सुबह दोस्तों के साथ घर से घूमने की बात कहकर निकला था। उसके दोस्तों ने भी गनपत के बारे में परिजन को कुछ नहीं बताया। उसकी लाश मिलने के बाद उसके कुछ दोस्त घर से गायब हैं। हत्या का प्रकरण दर्ज कर संदेही दोस्तों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। माना जा रहा है कि किसी विवाद पर गनपत की हत्या की गई है। वारदात का खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।