जबलपुर

जबलपुर में जुटेंगे पूरे प्रदेश के जज, होगी खास मंत्रणा

16 फरवरी को होगा न्यायिक अधिकारी संघ का अधिवेशन

जबलपुरFeb 02, 2019 / 02:01 am

shyam bihari

Madhya Pradesh High Court big news in today

जबलपुर। राज्य भर की जिला अदालतों के न्यायाधीश 16 फरवरी को जबलपुर में जुटेंगे। ये सभी न्यायिक अधिकारी संघ के अधिवेशन में हिस्सा लेंगे। विधि मंत्री पीसी शर्मा भी अधिवेशन में शामिल होंगे। अधिवेशन में न्यायिक व अहम मसलों के साथ न्यायिक अधिकारियों की समस्याओं व कल्याण योजनाओं पर विचार किया जाएगा।

तीन सौ जज आएंगे
सभी जिलों के जिला एवं सत्र न्यायाधीश (डीजे, विशेष न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) व जिला रजिस्ट्रार (डीआर) को अधिवेशन में बुलाया गया है। 51 डीजे, 51 सीजेएम व इतने ही डीआर अधिवेशन में शिरकत करेंगे। 51 जिला अदालतों से करीब 150 से अधिक विशेष न्यायाधीशों को मिलाकर शामिल होने वाले जजों की संख्या करीब 300 से अधिक होगी।

इन मसलों पर होगा विचार
जानकारी के अनुसार अधिवेशन में न्यायिक अधिकारियों को आए दिन आने वाली व्यवहारिक समस्याओं के साथ बेहतर न्याय प्रशासन के संबंध में विचार विमर्श किया जाएगा। मामलों की सुनवाई में तेजी लाने के लिए संभावित उपायों व तरीकों पर भी मंथन होगा। अधिवेशन में जजों की आवास व अन्य सुविधाओं का विश्लेषण व इन पर विमर्श होगा।


वर्तमान अध्यक्ष गिनाएंगे उपलब्धियां
अधिवेशन हर दो साल बाद आयोजित किया जाता है। इसमें नए अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। वर्तमान अध्यक्ष अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाएंगे। वर्तमान कार्यकारिणी द्वारा न्यायिक अधिकारी हित में किए गए कार्यों का ब्योरा भी पेश करेंगे। नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष या अन्य पदों पर चुनाव लडऩे के इच्छुक जजों को इसकी जानकारी तीन फरवरी तक पदेन अध्यक्ष व जबलपुर डीजे चंद्रेश खरे के साथ पदेन सचिव व सीजेएम जबलपुर आनंद जांभुलकर को देनी होगी।

अधिवेशन में नए अध्यक्ष का चुनाव होगा। इसमें शामिल होने के लिए विधि मंत्री ने सहमति दे दी है। २ फरवरी को संघ की बैठक में अधिवेशन के एजेंडे को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
दिनेश नायक, अध्यक्ष न्यायिक अधिकारी संघ

Home / Jabalpur / जबलपुर में जुटेंगे पूरे प्रदेश के जज, होगी खास मंत्रणा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.