scriptशारदा मंदिर पहुंच मार्ग को नगर निगम ने ही बना दिया मुश्किल | sharda mandir panhunch marg in hindi | Patrika News

शारदा मंदिर पहुंच मार्ग को नगर निगम ने ही बना दिया मुश्किल

locationजबलपुरPublished: Jul 25, 2019 07:02:32 pm

Submitted by:

Sanjay Umrey

अधूरा सडक़ निर्माण और डे्रनेज सिस्टम नहीं बनाने से परेशानी, सडक़ पर भर रहा गंदा पानी

mandir panhunch marg

mandir panhunch marg

जबलपुर। श्रावण मास में शारदा मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की डगर नगर निगम के कार्यों के चलते कठिन हो गई है। यहां बन रही स्मार्ट सडक़ का कार्य अधूरा है। वहीं ड्रेनेज सिस्टम भी विकसित नहीं किया गया, नाले का पानी सडक़ पर भर रहा है। इसके चलते श्रद्धालुओं को अत्यधिक परेशानी का सामना करना होगा। उक्त लापरवाही को हद दर्जे की इसलिए भी कहा जा सकता है कि नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों ने श्रावण मास में शारदा मंदिर में उमडऩे वाली भीड़ को भी ध्यान में नहीं रखा। यहां पर सावन में ऐसी स्थिति हादसों का कारण भी बन सकती है। सावन में बड़ी संख्या श्रद्धालु शारदा मैया के दर्शन करने पहुंचते हैं। यहां सावन सोमवार को मंदिर में ध्वज अर्पित करने की परम्परा के चलते भी सोमवार को कई छोटेे-बड़े जुलूस पहुंचते हैं। सावन में यहां मेला लगा रहता है।
दुर्घटना का खतरा बढ़ा
शारदा मंदिर पहुंच मार्ग से होकर पर्यटक मदनमहल किला, बैलेंसिंग रॉक भी पहुंचते हैं। इतना ही नहीं इस मार्ग पर तीन बड़े शैक्षणिक संस्थान भी हैं। जिसके कारण मार्ग पर यातायात का जबर्दस्त दबाव रहता है। तक्षशिला कॉलेज के समीप सडक़ के छोटे से हिस्से को बनाकर छोड़ दिया गया। जिसके कारण सडक़ में बॉटल नेक बन रहा है। ऐसे में मार्ग पर दुर्घटना का खतरा भी है।
शारदा चौक से शारदा मंदिर स्मार्ट सडक़
-2.2 करोड़ रुपए निर्माण लागत
-बीच के छोटे हिस्से में निर्माण
-ड्रेनेज सिस्टम भी नहीं बनाया
-6 महीने पहले चट्टानें तोड़ी गईं मार्ग चौड़ीकरण के लिए
-सडक़ चौड़ीकरण के लिए जमीन का समतल नहीं की
-15 से 20 हजार श्रद्धालु पहुंचते हैं सावन सोमवार को
-250 के लगभग छोटे-बड़े जुलूस झंडे अर्पित करने के लिए
शारदा मंदिर में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ड्रेनेज को अविलम्ब दुरुस्त कराएंगे। मार्ग को भी दुरुस्त कराया जाएगा। हालांकि सडक़ का काम पूरा होने में समय लगेगा।
आशीष कुमार, आयुक्त, नगर निगम
कांवड़ यात्रा मार्ग स्थित स्कूल सुबह 10 बजे के बाद नहीं लगेंगे
शहर में निकाली जाने वाली संस्कार कांवड़ यात्रा को लेकर 29 जुलाई को सुबह 10 बजे के बाद यात्रा मार्ग पर पडऩे वाले कोई भी शासकीय एवं अशासकीय स्कूल संचालित नहीं होंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूल प्राचार्यों को आदेश जारी किए हैं। संस्कार कांवड़ यात्रा मार्ग में करीब 25 स्कूल स्थित हैं।
बताया जाता है संस्कार कांवड़ यात्रा ग्वारीघाट के सिद्धघाट से प्रारंभ होकर रामपुर, गोरखपुर, शास्त्रीब्रिज, तीनपत्ती, मालवीय चौक, लार्डगंज, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, सराफा, लकडग़ंज, बेलबाग, घमापुर, शीतलामाई, कांचघर, सतपुड़ा, गोकलपुर, रांझी, खमरिया स्टेट होते हुए खमरिया घाना अंतर्गत ग्राम मटामर पहाड़ी पर स्थित भोलेनाथ के मंदिर कैलाशनाथ में सम्पन्न होगी। विकासखंड शिक्षा अधिकारी अंजनी सेलट ने कहा कि कांवड़ यात्रा में हजारों लोग होंगे। ऐसे में स्कूली बच्चों को परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन के निर्णय के अनुसार डीईओ ने आदेश जारी किए हैं। संकुल प्राचार्यों को अपने क्षेत्र के शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों को जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
इन संकुल प्राचार्यों को नोटिस
शासकीय हाईस्कूल रामपुर, शा उमावि एमएलबी स्कूल, कमला नेहरू उमावि, उमावि चेरीताल, उमावि तमरहाई, उमावि बेलबाग, कन्या उमावि गोकलपुर, बालक उमावि गोकलपुर, कन्या उमावि करौंदाग्राम रांझी, गणेशगंज स्कूल शामिल हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो