scriptदिन में तेज धूप, शाम को कई इलाकों में बारिश | Strong sun in the day, rain in many areas in the evening | Patrika News

दिन में तेज धूप, शाम को कई इलाकों में बारिश

locationजबलपुरPublished: Jun 06, 2020 08:23:30 pm

Submitted by:

prashant gadgil

मौसम में फिर बदलाव : पारे ने लगाई करीब पांच डिग्री की छलांग
 

Weather Forecast

Weather Forecast

जबलपुर. चक्रवाती तूफान का प्रभाव समाप्त होते ही आसमान में मंडरा रहे काले बादल लौट गए। शनिवार को सुबह से ही धूप खिली। बादलों की आवाजाही चालू रहने से धूप का असर कमजोर रहा। लेकिन मौसम में परिवर्तन जारी रहा। हवा की दिशा बदल गई। इससे गर्म हवा चली। कई दिनों से लुढ़क रहा पारा शनिवार को फिर उछला। पारे ने करीब पांच डिग्री की छलांग लगाई। तापमान में वृद्धि के साथ ही मौसम में गर्मी महसूस होने लगी। दोपहर बाद शहर में कहीं-कहीं बूंदबांदी हुई। शाम को भी बारिश हुई। इससे शाम को उमस हुई। अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.4 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस था। इसमें शनिवार को करीब ढाई से पांच डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 35.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री हो गया। दोनों स्तर पर तापमान सामान्य से 4 और 2 डिग्री नीचे बना रहा। इससे पहले तीन-चार दिन से तापमान सामान्य से 9 से 10 डिग्री तक नीचे बना हुआ था। शनिवार को आद्र्रता सुबह के समय 62 और शाम को 43 प्रतिशत थी। मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार आकाश साफ है। इससे तापमान में वृद्धि हुई है। हवा की दिशा शनिवार को बदलकर पश्चिमी हो गई है। इससे गर्मी बढ़ी है। तापमान में अभी वृद्धि हो सकती है। मौसम में परिवर्तन जारी है। इसके प्रभाव से दोपहर बाद तेज हवा चल सकती है। दूसरे सिस्टम के साथ ही स्थानीय बादलों के बनने से दोपहर बाद बूंदाबांदी होने की सम्भावना है। रविवार को सम्भाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछार की सम्भावना है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो