तापमान में लगातार उछाल, शुक्रवार को रहा सीजन का सबसे गर्म दिन
पारा 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज
अप्रैल में ही गर्मी अपने सारे रेकार्ड तोडऩे को आमादा है। शुक्रवार को भी सूर्यदेव के तीखे तेवर रहे और तापमान में लगातार उछाल आ रहा है। शुक्रवार को इस मौसम का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। पारा 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अप्रेल के बाद अब मई में भी पारा लगातार 40 डिग्री से ज्यादा ही रहेगा।
सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं इस मौसम का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान रहा। न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा रहा। तापमान में उछाल के साथ ही नमी भी कम हो रही है। सुबह के समय नमी 25 प्रतिशत तो शाम के समय नमी 12 प्रतिशत दर्ज की गई।
पश्चिमी हवाएं चार किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही ह। गत वर्ष 29 अप्रेल को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है।