script

10वीं पास टाइल्स मिस्त्री से शातिर सायबर अपराधी बनने की कहानी

locationजबलपुरPublished: Jul 08, 2020 12:30:28 am

Submitted by:

santosh singh

राज्य सायबर पुलिस ने किया गिरफ्तार : गूगल-पे कस्टमर केयर के नाम से करता था ठगी

cyber.jpg

cyber

जबलपुर. राज्य सायबर सेल ने मंगलवार को ऑनलाइन ठगी करने वाले एक जालसाज को गिरफ्तार किया। आरोपी 10वीं पास टाइल्स मिस्त्री है। लॉकडाउन में उसने अपना गिरोह तैयार किया और गूगल-पे कस्टमर केयर नाम से ठगी करने लगा। उसकी गैंग के गुर्गे विभिन्न वॉलेट, सर्विस प्रोवाइडर के फर्जी कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर ठगी करते हैं। आरोपी यूपीआई, पेटीएम, गूगल पे, फोन पे में ठगी वाले रुपए ट्रांसफर कराते थे। इस गैंग से कई और मामलों के खुलासे की उम्मीद है।
पुलिस अधीक्षक राज्य सायबर पुलिस जोन जबलपुर अंकित शुक्ला ने बताया कि केवी कृष्णम राजू ने शिकायत में बताया कि वे अपने मित्र को पैसे ट्रांसफर कर रहे थे। ट्रांजेक्शन नहीं होने पर उन्होंने गूगल पर गूगल-पे कस्टमर केयर नम्बर सर्च कर सम्पर्क किया तो मित्र के खाते के बजाय आरोपी के खाते में 89 हजार 704 रुपए ट्रांसफर हो गए। सायबर सेल ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी भीम नगर ग्वारीघाट निवासी शुभम अहिरवार (21) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने ऑनलाइन ठगी करना स्वीकार किया। प्रकरण के खुलासे में निरीक्षक हरिओम दीक्षित, उप निरीक्षक पंकज साहू, आरक्षक आसिफ खान, विजय ठाकुर, अमित गुप्ता की भूमिका रही।
बंगाल तक फैला नेटवर्क
शुभम अहिरवार डेढ़ साल से सायबर अपराध कर रहा है। उसके सम्बंध झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के सायबर अपराधियों से होने की पुष्टि हुई है। वह आरोपियों को फेक सिम उपलब्ध कराता था। आईएमईआई नम्बर की सर्चिंग से टीम आरोपी तक पहुंची। पैसों का ट्रांजेक्शन पश्चिम बंगाल के विभिन्न खातों में हुआ है। आरोपी के साथियों की भी तलाश की जा रही है।

ट्रेंडिंग वीडियो