scriptबड़ा भुलक्कड़ है यह महकमा, कोरोना-लॉकडाउन को बड़ी जल्दी भूल गया | This department is very forgetful | Patrika News

बड़ा भुलक्कड़ है यह महकमा, कोरोना-लॉकडाउन को बड़ी जल्दी भूल गया

locationजबलपुरPublished: Jun 20, 2020 08:33:55 pm

Submitted by:

shyam bihari

जबलपुर में प्वाइंट पर तलाशने से भी नहीं मिलती ट्रैफिक पुलिस, शहर में कई जगह लगने लगा है जाम
 

बड़ा भुलक्कड़ है यह महकमा, कोरोना-लॉकडाउन को बड़ी जल्दी भूल गया

police

जबलपुर। शहर अभी लॉकडाउन से बाहर ही हुआ है। कोरोना का खतरा बरकरार है। इसके बावजूद शहर के तमाम हिस्सों में जाम लगने लगा है। दोपहिया वाहन चालक खतरनाक ढंग से तीन-तीन सवारी फर्राटा भर रहे हैं। चारपहिया वाहनों का रेला उमडऩे लगा है। लेकिन, ज्यादातर प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिस रोक-टोक करती नजर नहीं आती। जबकि, ट्रैफिक के थाने बढ़े, अमला बढ़ा, संसाधन भी बढ़ गए हैं। कुछ चौराहों पर पुलिस होती भी है, तो ट्रैफिक छोड़ सारा जोर चालान काटने पर रहता है। शहर में कई जगह निर्माण कार्य चल रहा है। छोटी लाइन से एलआईसी तक फ्लाईओवर निर्माण के चलते रास्ता संकरा हो गया है। शहर में दुकानें खुलने और गतिविधियां बढऩे के साथ ही पटरी सहित रोड पर दुकान की सामग्री रखने से भी परेशानी आ रही है। ट्रैफिक पुलिस का वाहन सिविक सेंटर, रसल चौक और मालवीय चौक तक ही घूमता है।

रानीताल : रानीताल में दोपहर से लेकर शाम तक कई बार जाम के हालात बन जाते हैं। रानीताल की ओर जाने वाले मार्ग संकरा होने से यहां कई बार जाम लगता है। कई बार लोग ट्रैफिक सिग्नल तोड़कर भी निकलते हैं। ट्रैफिक के एक जवान की तैनाती।
बल्देवबाग : बल्देवबाग चौराहा भी सबसे व्यस्तम चौराहा है। यहां अनलॉक के बाद भी मिनी ट्रक की आवाजाही लगी रहती है। रोड किनारे मिनी ट्रक खड़े रहते हैं। इसकी वजह से यहां भी जाम लगता रहता है। ट्रैफिक पुलिस रोड किनारे रहती है, लेकिन जोर चालान पर रहता है।
दमोहनाका : चौराहे पर दो तरफ अतिक्रमण हटाए जाने के बावजूद यहां दुकानों पर भीड़ की वजह से आवागमन में परेशानी आती है। यहां ट्रैफिक का फिक्स प्वाइंट है। फिर भी जाम लगता रहता है। ट्रैफिक जवानों की तैनाती, लेकिन नहीं करते काम।
सुपरमार्केट को कुछ समय ट्रैफिक पुलिस ने वन वे किया था। यह प्लान चंद रोज में ही फेल हो गया। समय समय पर वहां ट्रैफिक जवानों की तैनाती तो होती है, लेकिन फिर उन्हें वहां से हटा भी लिया जाता है। एएसपी ट्रैफिक अगम जैन का कहना है कि सुबह 10 और शाम 23 स्थानों पर चैकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। आईटीएमएस सिस्टम भी चालू कर दिया गया। तीन क्रेन भी एक्टिव किए गए हैं। दोपहिया वाहन उठाने के लिए केटल वाहन निगम से मिला है। हर प्वाइंट पर चार-चार लोगों को लगाया गया है। जहां प्वाइंट नहीं है, वहां जाम लगने पर पेट्रोलिंग टीम भेजी जाती है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो