scriptसिर पर रखे जवारा कलश, देह में भेदे आस्था के बाने | visarjan shobhayatra in hindi | Patrika News

सिर पर रखे जवारा कलश, देह में भेदे आस्था के बाने

locationजबलपुरPublished: Oct 11, 2019 01:28:37 am

Submitted by:

Sanjay Umrey

विसर्जन शोभायात्रा: तीसरे दिन भी चला क्रम, बड़ी खेरमाई मंदिर से निकला विशाल जुलूस

विसर्जन शोभायात्रा: तीसरे दिन भी चला क्रम, बड़ी खेरमाई मंदिर से निकला विशाल जुलूस

विसर्जन शोभायात्रा: तीसरे दिन भी चला क्रम, बड़ी खेरमाई मंदिर से निकला विशाल जुलूस

जबलपुर। शहर में देवी प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस गुरुवार को भी निकला। लगातार तीसरे दिन प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम चला। भटौली और तिलवारा घाट स्थित विसर्जन कुंड में सुबह से रात तक प्रतिमाएं विसर्जित की गईं।
हनुमानताल और अधारताल में भी विसर्जन के लिए प्रतिमाएं लायी गईं। शहर के प्रमुख मार्गों में दिन भर बैंडों की धार्मिक धुन और देवी के जयकारे गूंजे। जगह-जगह प्रसाद वितरण हुआ। देवीगीतों पर थिरकते हुए श्रृद्धालु प्रतिमा लेकर विसर्जन स्थलों तक पहुंचे। बड़ी खेरमाई का जवारा जुलूस भी परम्परानुसार निकला। जुलूस में सिर पर कलश रखकर महिलाएं, आस्था के बाने धारण किए सैकड़ों युवा और आस्था, भक्ति का अद्भुत संगम देखने के लिए जुलूस मार्ग पर हजारों श्रृद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
बड़ी खेरमाई मंदिर– जुलूस में व्रतधारी महिलाएं भक्ति भाव के साथ सिर पर जवारे रखकर चलीं। भजन मंडलियां देवी गीत गाते हुए चल रही थीं। बैंड दलों की धार्मिक धुन के बीच नृत्य मंडलियां शामिल थीं। धर्म ध्वजा धारण किए सैकड़ों युवा जुलूस में शामिल हुए। जुलूस मार्ग पर जगह-जगह पर पुष्प वर्षा की गई। भ्रमण करते हुए जुलूस हनुमानताल पहुंचा। जहां, जवारे का विधि अनुसार विसर्जन किया गया।
मां सिद्धीदात्री जवारा चल समारोह आज– 360 गोत्रीय खटीक समाज की ओर से मां सिद्धीदात्री माता मंदिर से शुक्रवार को जवारा विसर्जन चल समारोह निकाला जाएगा। इसका प्रारंभ मंदिर प्रांगण से शाम 7.30 बजे होगा। दुर्गा चौक, हनुमानताल, तमरहाई, मिलौनीगंज होते हुए हनुमानताल थाने के सामने स्थित घाट में जवारे का विसर्जन किया जाएगा।
11 प्रतिमाओंं और झांकियों ने मोहा मन
संतों के सान्निध्य में विजय नगर का ऐतिहासिक दशहरा चल समारोह गुरुवार को निकला। चल समारोह मार्ग मां के जयकारों से गूंज उठा। चल समारोह के दर्शनार्थ बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित था। जुलूस में दुर्गा समितियों की आकर्षक झांकियां भी शामिल की गई। चल समारोह का जगह-जगह स्वागत पूजन किया गया।
एकता चौक से रात्रि आठ बजे शुरू हुआ चल समारोह अहिंसा चौक और एसबीआई चौराहा, दीनदयाल चौक, दमोहनाका होते हुए हनुमानताल पहुंचा। चल समारोह में समितियों द्वारा आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति दी गई।
विविध नृत्यों की प्रस्तुति हुई। दुर्गा प्रतिमाओं का जगह-जगह पूजन किया गया। समारोह की शुरुआत एकता चौराहे पर भगवान की दिव्य झांकियों के पूजन अर्चन से हुई। चल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री लखन घनघोरिया, महापौर स्वाति गोडबोले, विधायक विनय सक्सेना सम्मिलित हुए। चल समारोह संयोजक पार्षद जितिन राज, विजय उपाध्याय, रितेश अग्रवाल, मनीष खरे, अनिमेष चौरसिया, पुष्पराज पांडे के अनुसार इस वर्ष 11 प्रतिमाएं सम्मिलित हुई।
ये समितियां हुई शामिल– रुद्र युवा सत्संग समिति, मां आशीष दुर्गोत्सव समिति एकता चौक, नव प्रगति दुर्गोत्सव समिति तुलसी नगर, श्री माता महाकाली दुर्गा उत्सव समिति, जयकारा दुर्गा उत्सव समिति, मां शारदा दुर्गा उत्सव सहित अन्य दुर्गोत्सव समितियां शामिल हुईं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो