scriptजलसंकट से जूझ रही शहर के इस क्षेत्र की ढाई लाख आबादी | Water crisis : over 2.5 million people are facing problem | Patrika News

जलसंकट से जूझ रही शहर के इस क्षेत्र की ढाई लाख आबादी

locationजबलपुरPublished: May 14, 2019 07:41:34 pm

Submitted by:

praveen chaturvedi

गुलौआ टंकी पर अन्य क्षेत्रों का दबाव बढऩे का असर, जनता और जनप्रतिनिधियों की आवाज भी नहीं सुन रहे नगर निगम के अधिकारी

water crisis in garha

water crisis in garha

जबलपुर। बीच समुद्र में घोंघा प्यासा, ये कहावत गढ़ा इलाके में चरितार्थ हो रही है। रमनगरा प्लांट की यहीं से होकर जाने वाली राइजिंग लाइन के जरिए शहर के आधे हिस्से में जलापूर्ति की जा रही है, लेकिन इस क्षेत्र के लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। किसी दिन नल में 10-15 मिनट पानी आ रहा है तो कभी पानी आता ही नहीं है। इसे लेकर क्षेत्रीयजनों ने जोन कार्यालय से लेकर निगम मुख्यालय का घेराव किया, क्षेत्र के पार्षदों ने कछपुरा जोन कार्यालय में तालाबंदी की, निगम मुख्यालय में प्रदर्शन किया, परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई। हद तो ये कि जिम्मेदार अधिकारी ये कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं कि गुलौआ टंकी पूरी भर रही है, ओवरफ्लो भी हो रही है। इसके बावजूद नलों में पानी नहीं आ रहा है तो उनके पास फिलहाल कोई विकल्प नहीं है।

विरोध बढऩे पर निगम के अधिकारियों ने यादव कॉलोनी में राइजिंग लाइन का वॉल्व खोलने का प्रयोग किया था। इसके बाद उस दिन पूरे गढ़ा क्षेत्र में पर्याप्त पानी पहुंचा था। एक दिन के प्रयोग के बाद निगम के जिम्मेदार चुप बैठ गए।

टंकी पर दबाव बढऩे का नतीजा
सात साल पहले रमनगरा प्लांट से जलापूर्ति शुरू होने के बाद से गढ़ा क्षेत्र में जल संकट नहीं रहता था। गढ़ा बाजार स्थित पानी की जर्जर टंकी तीन साल पहले तोड़े जाने व गुलौआ टंकी पर विजय नगर, यादव कॉलोनी क्षेत्र का अतिरिक्त दबाव बढऩे के बाद इस साल यहां जल संकट की स्थिति बनी है।

ये क्षेत्र प्रभावित
गुलौआ, गौतम मढिय़ा, संजीवनी नगर, पटेल मोहल्ला, शिव नगर, बीटी तिराहा, छोटी बजरिया, गढ़ा बाजार, देवताल, कोष्ठा मोहल्ला, त्रिपुरी चौक, जोशी मोहल्ला, पुरवा, नवनिवेश कॉलोनी, गंगा नगर, चंदन कॉलोनी, धनवंतरि नगर।

जारी हैं प्रयास
नगर निगम के कार्यपालन यंत्री कमलेश श्रीवास्तव ने बताया, गुलौआ टंकी पूरी भरी जा रही है। राइजिंग लाइन का वॉल्व नियमित रूप से खोलकर पानी उपलब्ध कराया सम्भव नहीं है। गढ़ा क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त पानी मिल सके, इसके लिए निगम की टीम प्रयास कर रही है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो