जबलपुर

पोस्ट मानसून: अरब सागर के सिस्टम से रिमझिम बारिश, हवा ने कराया हल्की ठंड का अहसास

उत्तर-पूर्वी मानसून का अहसर, त्योहार से पहले 24 घंटे में 2.8 मिमी वर्षा दर्ज

जबलपुरOct 21, 2019 / 11:24 am

deepankar roy

शहर के कई हिस्सों में बारिश, अक्टूबर के पहले सप्ताह के बाद हो सकती है मानसून की विदाई

जबलपुर. उत्तर-पूर्वी मानसून के प्रभाव से शहर में रविवार को पूरे दिन रुक-रुक कर रिमझिम बारिश हुई। बूंदाबांदी का ये सिलसिला शनिवार देर रात से ही शुरू हो गया था। चौबीस घंटे में 2.8 मिमी बारिश दर्ज हुई। चक्रवाती हवा के घेरे के कारण आसमान में काले बादलों का कब्जा रहा। इससे दोपहर में भी जहां शाम जैसा नजारा रहा, तो शाम होते ही अंधेरा छा गया। रिमझिम बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। सोमवार को सुबह से ही शहर में धुंध की चादर छायी रही। आसपास के बारिश वाले इलाकों से आई ठंडी हवा के झोंके से शाम होते ही हल्की ठंड का अहसास हुआ। पोस्ट मानसून के प्रभाव से बारिश और मौसम के करवट लेने के बाद अब ठंड के जल्द दस्तक देने की सम्भावना बढ़ गई है।

सामान्य से सात डिग्री नीचे तापमान

पोस्ट मानूसन के असर से रविवार को पूरे समय शहर के ऊपर घने काले बादल छाए रहे। धूप नहीं निकलने से अधिकतम तापमान में गिरावट आई। ठंडी हवा के झौंके के कारण पारा तेजी से लुढक़ा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान तकरीबन बराबरी आ गया। इससे रात के वक्त हल्की ठंड महसूस हुई। अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। ये सामान्य से करीब सात डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री था। ये सामान्य से चार डिग्री अधिक है। आद्र्रता सुबह के समय 93 और शाम को 86 प्रतिशत थी। पूर्वी हवा एक किमी प्रतिघंट की गति से चली।

धीरे-धीरे साफ होगा आसमान

मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक डॉ. आरके दत्ता के अनुसार अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने और उसके प्रभाव से रविवार को शहर एवं सम्भाग में कई जगह हल्की वर्षा एवं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं। चक्रवाती हवा का प्रभाव सोमवार से शहर में थोड़ा कम होना शुरूहो जाएगा। एक-दो दिन में धीरे-धीरे आसमान साफ होने लगेगा। लेकिन, पोस्ट मानसून के प्रभाव से मंगलवार तक सम्भाग के जिलों में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा या बौछार हो सकती है

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.