जबलपुर

युवतियां बनेंगी देश की सीमाओं की प्रहरी

शहर में होगा 17 सौ महिला सिपाही का चयन, जम्मू एवं कश्मीर रायफल्स में 17 से 22 सितम्बर तक भर्ती प्रक्रिया

जबलपुरSep 03, 2019 / 12:22 pm

gyani rajak

17 hundred women soldiers will be selected in the city,Recruitment process from 17 to 22 September in Jammu and Kashmir Rifles

 
जबलपुर@ ज्ञानी रजक. युवतियां भी अब युवकों की तरह देश की सीमाओं की प्रहरी बनेंगी। भारतीय थल सेना इनकी भर्ती करने जा रही है। मध्यभारत क्षेत्र की भर्ती शहर में होगी। जम्मू एवं कश्मीर रायफल्स में 17 से 22 सितम्बर तक भर्ती प्रक्रिया चलेगी। करीब 17 सौ पदों के लिए 10 से 15 हजार युवतियां भाग्य आजमाने के लिए आ सकती हैं।
थलसेना के इतिहास में पहला मौका है, जब अफसर रैंक से नीचे महिलाओं की भर्ती हो रही है। इन महिला सिपाहियों की तैनाती सेना पुलिस में की जाएगी। आर्मी पुलिस सैन्य इलाकों के अलावा सीमाओं पर भी विभिन्न कार्यों के लिए मुस्तैद रहती है। यह भर्ती प्रक्रिया देश में पांच जगहों पर हो रही है। जबलपुर में सात राज्यों की महिला प्रतिभागी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो रही हैं। सेना के अनुसार देशभर में 10 से 12 हजार पदों के लिए 2 लाख 57 हजार से ज्यादा महिलाओं ने आवेदन पत्र जमा किए हैं। अक्टूबर-नवम्बर तक भर्ती प्रक्रिया के उपरांत जनवरी से इनकी टे्रनिंग शुरू हो जाएगी।
86 फीसदी अंक वालों को मौका
भर्ती प्रक्रिया के लिए हजारों की संख्या में आवेदन आने के कारण सेना ने दसवीं कक्षा के अंकों के आधार पर बुलावा पत्र भेजा है। जिन प्रतिभागियों के अंक 86 फीसदी से ज्यादा हैं उन्हें बुलावा पत्र भेजा जा रहा है। जम्मू एवं कश्मीर रायफल्स टे्रनिंग सेंटर में 17 से 18 सितम्बर तक ग्राउंड टेस्ट, 19 से 22 तक मेडिकल और 26 एवं 27 अक्टूबर को लिखित परीक्षा के बाद जनवरी से इनकी टे्रनिंग शुरू हो जाएगी।
शहर में इन राज्यों की भर्ती

मध्यप्रदेश, झारखंड, बिहार,छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा,


देश में इन जगहों पर चयन
क्षेत्र शहर

मध्य- जबलपुर
दक्षिण बेलगांव

पूर्व शिलांग
उत्तर-मध्य लखनऊ

उत्तर अम्बाला


सेना में महिला जवानों की भर्ती प्रक्रिया में जबलपुर में मध्य क्षेत्र के सात राज्यों की प्रतिभागी शामिल हो रही हैं। 17 से 22 सितम्बर तक यह प्रक्रिया चलेगी। इसमें प्रशासन और पुलिस का सहयोग लेने संयुक्त टीम तीन सितम्बर को भर्ती स्थल के साथ आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण करेगी।
कर्नल पी. चक्रवर्ती, डायरेक्टर मुख्यालय भर्ती जोन जबलपुर (मप्र व छ.ग.)
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.