जगदलपुर

कांग्रेस का सर्वर हो चुका है डाउन, राजनीति का हो रहा अपराधीकरण- भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

पत्रकार वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, कांग्रेस ने प्रदेश को दिवालिया कर दिया है।

जगदलपुरOct 19, 2019 / 12:44 pm

Badal Dewangan

कांग्रेस का सर्वर हो चुका है डाउन, राजनीति का हो रहा अपराधीकरण- भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

जगदलपुर. भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि कांग्रेस सरकार का सर्वर डाउन हो गया है। छत्तीसगढ़ में सत्तासीन कांग्रेस शासन की राजनीति का अपराधीकरण हो गया है। कांग्रेस के कुशासन में बस्तर के हालात बिगड़ गए हैं। बस्तर में एक भी नया काम बीते 10 महीने में शुरू नहीं हुआ है। जो काम शुरू हुए थे वह काम भी बंद हो गए हैं। एक निजी होटल में हुए पत्रवार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश को दिवालिया कर दिया है।

घोषणापत्र की धज्जियां उड़ रही हैं
अधिकारियों को ताश की गड्डी की तरह फेंटा जा रहा है। 10 महीने में ही कांग्रेस राज्य की जनता से दूर हो गई है और घबराई हुई है। इसका प्रमाण है कि नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस सरकार लगातार पांसे पलट रही है। अपनी पराजय सामने देख कांग्रेस भाग रही है। जनता के वोट देने का हक छीन कर खरीद फ रोख्त और दबाव की राजनीति का षडय़ंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में जिन बातों का ढिंढोरा पीटा था। अब उनकी धज्जियां उड़ रही हैं। हाथ में गंगाजल और गीता लेकर शराबबंदी का वायदा करने वाली कांग्रेस के शासन में शराब की दुकानों से ही वसूली हो रही है। शराब को 20 से 50 रुपए तक अधिक कीमतों में बेचा जा रहा है। यह भूपेश टैक्स किसकी जेब में जा रहा है? डॉ रमन सिंह ने कहा कि दंतेवाड़ा उपचुनाव में प्रशासन का दुरुपयोग करते हुए परिणाम बदल दिए गए। चित्रकोट उपचुनाव में हमने निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की है। अत्यंत संवेदनशील मतदान केंद्रों में 70 से 80 प्रतिशत का मतदान होना गड़बड़ी को स्पष्ट दर्शाता है। वीर सावरकर के मसले पर रमन ने कहा कि वे महान स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन पर टिप्पणी करने वालों को इतिहास पढऩा चाहिए।

इस दौरान भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद रामविचार नेताम, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, चुनाव प्रभारी नारायण चंदेल व अन्य मौजूद थे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.