बिना नोटिफिकेशन के जगदलपुर नगर निगम आबादी के बीच डंप कर रहा कचरा
जगदलपुरPublished: Jul 15, 2023 09:52:55 pm
डोंगाघाट इलाके में सारे नियमों को ताक पर रखते हुए लोगों को संक्रमण के बीच छोड़ा


डोंगाघाट के भाटापारा में निगम लगातार कचरा डंप कर रहा है, जिससे लोग परेशान हैं।
जगदलपुर। डोंगाघाट को नगर निगम ने नरक बना दिया है। यहां रहने वाले लोग निगम की लापरवाही और हठधर्मिता की वजह से यहां अब नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। यहां चारों तरफ गंदगी, बदबू का आलम है। मक्खी-मच्छर ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बीमारियों के संक्रमण के बीच रहना लोगों की मजबूरी हो चुकी है। यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि यहां पर निगम पूरे शहर का कचरा डंप कर रहा है। कंचरा डंपिंग शुरू करने से पहले निगम ने सारे नियमों को ताक पर रख दिया। बिना नोटिफिकेशन जारी किए ही डंपिंग शुरू कर दी, जबकि किसी भी इलाके में कचरा डंपिंग की एक प्रक्रिया होती है उसका पालन करना निगम के जिम्मेदारों ने जरूरी नहीं समझा। लोगों से रायशुमारी तक नहीं की गई और उन पर इतनी बड़ी परेशानी सौंप दी गई। आबादी से महज 50 मीटर की दूरी पर कचरा डंप किया जा रहा है जबकि ऐसा करना अवैधानिक है। लोगों की जान खतरे में डाल कचरा डंप करने पर जिम्मेदारों पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। इसकी परवाह किए गए बगैर मनमानी जारी है जबकि इलाके के लोग कई बार निगम से कचरा डंपिंग बंद करने की मांग कर चुके हैं। यहां निगम गोबर से बिजली बनाने का संयंत्र भी चल रहा है जिसकी वजह से भी लोग परेशान हैं।