आगामी अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों के लिए भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम के चयन के लिए 18 से 20 मई तक और पुरुषों के लिए 22 से 25 मई 2022 तक भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र बैंगलोर, कर्नाटक में कैम्प आयोजित किया गया। यह चयन परिक्षण खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण की एक स्वतंत्र समिति द्वारा किया गया और आगामी राष्ट्रीय शिविरों के लिए एथलीटों का चयन हुआ है।
इसी ट्रायल में दंतेवाड़ा के एकलव्य खेल परिसर जावंगा के वॉलीबॉल कोच श्रीकान्त मोदी के प्रशिक्षण में कुमारी प्रगति ठाकुर, दीक्षा पुजारी, ओम बागी, हर्षित ने हिस्सा लिया। सभी खिलाड़ियों ने अपने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय गीदम में अध्ययनरत प्रगति ठाकुर का अंडर 20 महिला वॉलीबॉल टीम इंडिया के कैंप के लिए चयन हुआ। पूरे देश भर में इंडिया कैंप के लिए 21 खिलाडियों को चयनित किया गया, जिसमें प्रगति ठाकुर का नाम सूची में शामिल है।
इस उपलब्धि पर दंतेवाड़ा कलेक्टर दीपक सोनी, जिला पंचायत सीओओ आकाश छिकारा, एसडीएम अविनाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कर्मा, जिला खेल अधिकारी मुकेश गोंड, छत्तीसगढ़ वॉलीबॉल एसोसिएशन महासचिव अकरम खान, प्राचार्य कैलाश नीलम, ग्रीन केयर सोसायटी इंडिया के डायरेक्टर अमुजुरी बिश्वनाथ ने भारतीय महिला वॉलीबॉल दल में प्रगति ठाकुर के चयन पर बधाई दी है तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत, छत्तीसगढ़ व दंतेवाड़ा का नाम रौशन करने की शुभकामनाएं दी हैं।
अर्जुन व द्रोणाचार्य अवॉर्डी रमना राव व अर्जुन अवॉर्डी पीवी रमना (पीवी सिंधु के पिता) के द्वारा भारतीय टीम का चयन किया गया। यह दंतेवाड़ा तथा छत्तीसगढ़ के लिए बहुत ही गर्व का विषय है। प्रगति बचपन से ही लक्ष्य प्राप्ति के लिए लगन से मेहनत करती आई है। इससे पहले भी प्रगति नेपाल अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य स्तर पर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी है तथा स्वर्ण पदक भी हासिल कर चुकी है जो दंतेवाड़ा जिला व एकलव्य खेल परिसर जावंगा के लिए गर्व की बात है। प्रगति की इस उपलब्धि में कोच श्रीकान्त मोदी की अहम भूमिका रही है। सहायक खेल आधिकारी सतीश श्रीवास्तव व एकलव्य खेल परिसर अधीक्षक रजनीश ओसवाल ने कहा की प्रतिभा किसी का मोहताज नहीं, दंतेवाड़ा से प्रशिक्षण प्राप्त कर बच्चें अपने हुनर का परिचय देते हुए खेलो में अपना नाम रौशन कर रहे हैं।