script101 हवाई तोपों की सलामी… 101 किलो दूध से अभिषेक, जयपुर में ऐसे जन्म लेंगे रामलला | Patrika News
जयपुर

101 हवाई तोपों की सलामी… 101 किलो दूध से अभिषेक, जयपुर में ऐसे जन्म लेंगे रामलला

रामनवमी पर बुधवार को राजधानी जयपुर के विभिन्न राम मंदिरों में मध्याह में रामलला प्रगटेंगे। हवाई गर्जनाओं के बीच जन्म आरती होगी।

जयपुरApr 17, 2024 / 10:48 am

Lokendra Sainger

रामनवमी पर बुधवार को राजधानी के विभिन्न राम मंदिरों में मध्याह में रामलला प्रगटेंगे। हवाई गर्जनाओं के बीच जन्म आरती होगी। भगवान का फलों, दिव्य औषधियों व पंचामृत से अभिषेक कर शृंगार किया जाएगा व बधाई पदों का गायन होगा। शाम को घर मंदिरों में दीपदान किया जाएगा। अयोध्या में रामलला के विराजमान होने के बाद पहली रामनवमी के मौके पर पूरे शहर में भगवा पताकाएं लगाई गई हैं। मंदिरों में रोशनी व सजावट की गई है।
ज्योतिषाचार्य पं. दामोदर प्रसाद शर्मा ने बताया कि बुधवार को रवि और शूल योग रहेगा चंद्रमा स्वराशि कर्क और शनि भी स्वराशि कुंभ में रहेगा। इसके अलावा सूर्य अपनी उच्च राशि मेष और शुक्र मीन राशि में रहेगा। अबूझ मुहूर्त होने से बड़ी संख्या में गृह प्रवेश व विवाह सहित सहित अन्य शुभ कार्य रहेंगे। खरीदारी के लिए दिनभर मुहूर्त रहेगा।

शोभायात्रा में शामिल होंगी 35 झांकियां

राम कृष्ण जयंती महोत्सव समिति की ओर से शोभायात्रा शाम चार बजे सूरजपोल अनाज मंडी से रवाना होगी। लवाजमे के साथ निकलने वाली यात्रा में भगवान राम सहित चारों भाइयों के स्वरूप, स्वचालित व सजीव झांकियों सहित 35 झांकियां होंगी। यात्रा रामगंज बाजार, जौहरी बाजार, बापू बाजार व त्रिपोलिया बाजार सहित अन्य मार्गों से होते हुए चांदपोल स्थित रामचन्द्र मंदिर पहुंचेगी।

सुबह आठ बजे होगी शृंगार आरती

छोटी चौपड़ स्थित सीताराम मंदिर में महंत नंदकिशोर शर्मा के सान्निध्य में संगीतमय सुंदरकांड एवं भजन संध्या हुई। बुधवार सुबह पांच बजे मंगला आरती और आठ बजे श्रृंगार आरती होगी। सुबह 11. 15 रामलला सरकार का औषधियों, पंचामृत और 51 किलो ‘दूध’ से अभिषेक होगा। दोपहर दो बजे 101 हवाई गर्जनाओं के बीच रामलला प्रकट होंगे। शाम सात बजे महाआरती होगी।

101 हवाई तोपों की दी जाएगी सलामी

चांदपोल स्थित रामचंद्र मंदिर में राम दरबारको 101 हवाई तोपों की सलामी दी जाएगी। महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि 101 किलो दूध से अभिषेक के साथ ही 51 किलो के विशेष केक का भोग लगाया। रात आठ बजे कलाकार नृत्य नाटिका का मंचन करेंगे। रात 10:30 शोभायात्रा का स्वागत होगा। सुबह मंगलादर्शन में ठाकुर जी को सुनहरी जामा पोशाक धारण करवाई गई।

Home / Jaipur / 101 हवाई तोपों की सलामी… 101 किलो दूध से अभिषेक, जयपुर में ऐसे जन्म लेंगे रामलला

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो