जयपुर

राजधानी की सड़कों पर पहली बार सख्ती, 1825 का चालान

दोनों निगर निगम ने की कार्रवाई, वसूला 8.54 लाख जुर्माना बिना मास्क घूमने वालों के खिलाफ एक्शन, पांच प्रतिष्ठान भी सीज
 

जयपुरDec 04, 2020 / 12:39 am

Amit Pareek

शहर में सीज किया  एक प्रतिष्ठान

जयपुर. कोरोना महामारी के खिलाफ जागरूकता अभियान के तहत राजधानी में अब सख्ती नजर आने लगी है। दोनों नगर निगम की ओर से पहली बार शहर की सड़कों पर संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। पच्चीस टीमों ने करीब आठ घंटे तक शहर की सड़कों पर बिना मास्क घूमने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इसमें 1825 लोगों के चालान हुए और 8.54 लाख रुपए वसूल किए। इस दौरान पांच प्रतिष्ठान भी सीज किए गए। जोन अधिकारियों के अलावा दोनों निगमों की सतर्कता शाखा ने भी 75 चालान किए। ग्रेटर नगर निगम की सतर्कता शाखा ने 45 लोगों के चालान कर 44100 रुपए वसूले। वहीं, हैरिटेज निगम में 30 लोगों के चालान कर 15 हजार का जुर्माना वसूला। कुछ स्थानों पर लोगों ने कार्रवाई का विरोध भी किया।
ग्रेटर नगर निगम
1421 चालान, 6.76 लाख का जुर्माना वसूला

-मालवीय नगर जोन में नमकीन भंडार में गाइडलाइन की पालना नहीं करने पर शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक सीज किया गया।
-सोशल डिस्टेंसिंग की पालना नहीं करने पर 22 लोगों और दो चालान कैरिंग चार्ज के भी किए गए। जोन में 52400 रुपए वसूले।
-झोटवाड़ा जोन में मिष्ठान भंडार पर 30 हजार का जुर्माना भी लगाया। यहां अधिकतर कर्मचारी बगैर मास्क के ही थे।
-मुरलीपुरा जोन में सोशल डिस्टेंसिंग की पालना नहीं करने पर 42 लोगों से 4200 रुपए का जुर्माना वसूला। वहीं, एक मैरिज गार्डन में बिना मास्क लोगों के मिलने पर मैरिज गार्डन संचालक पर 5100 रुपए जुर्माना लिया।
हैरिटेज नगर निगम
404 लोगों के चालान, 1.77 लाख जुर्माना वसूला

-हवामहल जोन के जयसिंहपुरा खोर स्थित मिठाई दुकान-कैटर्स को सीज किया गया। वहीं, रामगढ़ मोड़ स्थित एक होटल को कोविड-19 गाइडलाइन का पालन नहीं करने, बिना मास्क ग्राहकों को खाद्य सामग्री बेचने, वेटर द्वारा बिना मास्क पहने खाना परोसने के आधार पर सीज किया। दोनों प्रतिष्ठानों द्वारा जुर्माना जमा करवाने पर लगभग 5-5 घंटे बाद सील खोली गई।
-जवाहर नगर में फैन्सी स्टोर, इलेक्ट्रिकल दुकान को सीज किया गया।
राजधानी में लगातार कोरोना केस बढ़ रहे हैं। कोरोना के खिलाफ दो महीने से जनआंदोलन भी चलाया जा रहा है। व्यापार मंडलों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से निगम जागरूकता रैली भी निकाल रहा है। मास्क भी नियमित रूप से बांटे जा रहे हैं। लोगों से भी अनुरोध है कि दो गज की दूरी बनाकर रखें और घर से निकलते वक्त मास्क जरूर पहनें। यदि सुधार नहीं होता है तो निगम की ओर से इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
-लोकबंधु, आयुक्त, हैरिटेज नगर निगम
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.