scriptपहेली बनता जा रहा आयुष, आखिर गया तो कहां गया? 62 घंटे बाद भी नहीं मिला, अब यहां चलेगा तलाशी अभियान | 22-year-old CA student ayush not found in kartarpura nala in jaipur | Patrika News

पहेली बनता जा रहा आयुष, आखिर गया तो कहां गया? 62 घंटे बाद भी नहीं मिला, अब यहां चलेगा तलाशी अभियान

locationजयपुरPublished: Aug 28, 2017 11:34:00 am

Submitted by:

dinesh

प्रशासन की 10 टीमों ने पोकलेन व जेसीबी मशीनों से पूरा नाला खंगाल दिया…

Ayush
जयपुर। तीन दिन पहले तेज बरसात के दौरान करतारपुरा नाले में बहे आयुष का रविवार रात तक पता नहीं चला। प्रशासन की 10 टीमों ने रविवार सुबह 6 से रात 10 बजे तक पोकलेन व जेसीबी मशीनों से पूरा नाला खंगाल दिया। नाले में कई जगह दस से पन्द्रह फीट तक दलदल, झाडि़यां और मलबा तलाश में बाधा बना हुआ है। उधर, आयुष को ढूंढने की मांग को लेकर रविवार को भी टोंक रोड दो घंटे तक अवरूद्ध किया गया। पुलिस ने एक जने को गिरफ्तार किया है। रविवार को प्रशासन, पुलिस, जेडीए और नगर निगम के सौ से अधिक अमले, 6 पोकनेल और दो जेसीबी मशीन से करीब चार किमी नाले को खंगाला गया।
पिता बोले, बड़ी आपदा आए तो क्या होगा
आयुष के पिता श्यामलाल और अन्य परिजनों ने बताया कि उन्हें उनका बच्चा चाहिए। 3 दिन से उनके बच्चे को प्रशासन नहीं तलाश पाया। 90 लोग तलाश में जुटना बताया जा रहा है। जयपुर में कोई बड़ी आपदा आ जाए तो प्रशासन क्या कर पाएगा।
दोपहर तीन बजे पहुंचे रास्ता रोकने
रविवार दोपहर तीन बजे तक आयुष के नहीं मिलने पर परिजनों का सब्र टूट गया। अन्य लोगों के साथ टोंक रोड पुलिया के पास पहुंच जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक जाम रहा। इस दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस ने डायवर्ट कर वाहनों को निकाला।
एेसे तो नाला ही खत्म हो जाएगा
भारी मशीनों से नाले को खंगालने पर मौके पर उपस्थित एडीएम ने वहां मौजूद जेडीए मुख्यालय एक्सईएन सपन शर्मा को कहा कि एेसे ही हालात रहे तो नाला ही खत्म हो जाएगा। इस संबंध में आगे पत्र लिखेंगे। अभी ही इतने संसाधन लगाने के बावजूद नाले में मलबा ढहने से जनहानि हो सकती है। पुलिस ने टोंक रोड जाम करने के मामले में एक व्यक्ति को शांति भंग करने के मामले में गिरफ्तार किया।
बजाज नगर थाना पुलिस ने रोड जाम करने के मामले में करीब डेढ़ सौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। भगवान कमल पप्पू को नामजद करते हुए करीब डेढ़ सौ लोग टोंक रोड पर पहुंचे और रास्ता बंद कर दिया।
गूलर बांध में तलाशने के निर्देश
प्रशासन ने आयुष को तलाशने के लिए सिंचाई विभाग को निर्देश दिए। सिंचाईं विभाग को कहा गया है कि सांगानेर के गूलर बांध में नाव की मदद से भराव क्षेत्र में आयुष की तलाश की जाए। ऑपरेशन के दौरान आयुष को ढूंढने के लिए डॉग स्क्वॉयड और ड्रोन की भी मदद ली गई।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो