script370 आंतरिक मामला, आतंक हम सबकी समस्या : ईयू सांसद | 370 Internal matter, Terror problem for all of us: EU MP | Patrika News

370 आंतरिक मामला, आतंक हम सबकी समस्या : ईयू सांसद

locationजयपुरPublished: Oct 31, 2019 12:54:03 am

Submitted by:

Vijayendra

घाटी से लौटे विदेशी सांसद: कहा आतंक से जंग में हम भारत के साथ

370 आंतरिक मामला, आतंक हम सबकी समस्या : ईयू सांसद

नई दिल्ली में बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यूरोपीय देशों के सांसद।

श्रीनगर. कश्मीर के दौरे पर गए यूरोपीय संघ (ईयू) के 23 सांसदों के दल ने बुधवार को कहा, ‘भारतीय राजनीति में हमारी कोई रुचि नहीं। हम आम लोगों से मिलना चाहते थे। कश्मीर आना एक अच्छा अनुभव रहा। यहां सही दिशा में काम चल रहा है। कश्मीर के लोग शांति और विकास चाहते हैं। कश्मीर की सभी समस्याएं आतंकवाद से जुड़ी हैं। हमें पता चला है कि वहां पर पाकिस्तान आतंक फैला आ रहा है। सांसद बोले, ‘कश्मीर में अनुच्छेद 370 पर फैसला भारत का आंतरिक मसला है, लेकिन आतंक हम सबकी समस्या है। हम आतंक से जंग में भारत के साथ हैं।
एक सांसद ने तो यहां तक कहा कि पाकिस्तान से दहशतगर्दों को फंडिंग होती है। हम अपने अपनी संसदों को भी स्थिति के बारे में बताएंगे। हम यहां समस्याओं की बेहतर समझ के लिए हैं। वास्तविक हालात की बेहतर समझ की प्रतिक्रिया तय करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका होती है। यूरोपीय संसद के सदस्य थेरी मरियानी ने कहा कि मैं 20 बार भारत आ चुका हूं। इससे पहले दिल्ली, मुंबई और बेंगलूरु गया था। हमारा लक्ष्य कश्मीर को लेकर जानकारी हासिल करना था। कश्मीर में स्थितियां अब लगभग सुलझने को हैं। सांसद बिल न्यूटन ने मंगलवार को मजदूरों की हत्या को दर्दनाक बताया। न्यूटन ने कहा कि भारत का हमेशा से शांति का इतिहास रहा है। कल हमने सिविल सोसायटी के लोगों समेत काफी लोगों से मुलाकात की। कुछ लोगों ने यहां केंद्र सरकार से आने वाले पैसों में भ्रष्टाचार की बात कही।
ओवैसी को मरियानी ने दिया जवाब : मरियानी ने कहा, एक वर्ग हमें नाजीवादी बता रहा है, लेकिन अगर हम ऐसे होते तो जनता हमें नहीं चुनती। इससे पहले एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा था कि सांसदों को यूरोपीय संघ ने नहीं भेजा है, ये लोग नाजीवादी हैं।
370 भारत का आंतरिक मसला : ब्रिटेन के सांसद ने कहा कि 370 भारत का आंतरिक मामला है। इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं कर सकता। हमने पहले भी भारत और पाकिस्तान के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश की। यहां हमने कई लोगों से बात की। विकास के लिए अच्छा काम हो रहा है। भारत में प्रेस की आजादी अच्छी बात है। हमें लोगों ने अपनी आजादी से चुना है। हम नाजी नहीं हैं।
मोदी सरकार का यह फैसला मूर्खतापूर्ण : एक इंटरनेशनल बिजनेस ब्रोकर के जरिए यूरोपीय संघ के सांसदों को भारत लाना पीआर एक्सरसाइज है। मोदी सरकार का यह कदम अपरिपक्व, विवेकहीन और मूर्खतापूर्ण है। पिछले 72 साल में भारत की नीति रही है कि कश्मीर हमारा आंतरिक मामला है। ऐसे में किसी तीसरी पार्टी का दखल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस नीति को पलटकर मोदी सरकार ने सबसे बड़ा अपराध किया है।
-रणदीप सिंह सुरजेवाला, कांग्रेस प्रवक्ता
विपक्षी नेताओं को भी जाने दे सरकार
सरकार ईयू के सांसदों को कश्मीर जाने देती है, तो भारत के विपक्षी नेताओं को भी जाने देना चाहिए। कुछ असंतुलन तो है, इस पर ध्यान देना चाहिए।
निकोलॉस फेस्टस, अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी

हमारे पास छिपाने को कुछ नहीं

कश्मीर में हालात सामान्य होते ही सभी प्रतिबंधों से रोक हटा ली गई। अब हमारे पास कुछ छिपाने को नहीं, सिर्फ दिखाने को है। कश्मीर जाना है तो कांग्रेस नेता भी जा सकते हैं।
शहनवाज हुसैन, भाजपा प्रवक्ता

घाटी भेजें सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल
मैं आपसे आग्रह करूंगा कि कश्मीर में स्थिति का आकलन करने के लिए एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजने के मेरे सुझाव पर विचार करें।
अधीर रंजन चौधरी, कांग्रेस नेता, लोकसभा(पीएम को लिखा पत्र)
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो