scriptदिल्ली मॉडल पर आप लड़ेगी निकाय चुनाव | AAP Delhi In Rajasthan News | Patrika News

दिल्ली मॉडल पर आप लड़ेगी निकाय चुनाव

locationजयपुरPublished: Feb 19, 2020 01:44:51 pm

Submitted by:

Ashwani Kumar

-नुक्कड़ सभा, मौहल्ला सभा से दिल्ली सरकार की योजनाओं को बताएगी आम आदमी पार्टी

-23 फरवरी शुरू होगा सदस्यता अभियान, एक माह तक चलेगा
-0.6 फीसदी वोट पड़े थे विस चुनाव में आप के प्रत्याशियों के

जयपुर. दिल्ली में तीसरी बार सरकार बनाने के बाद आम आदमी पार्टी राजस्थान में जड़ों को मजबूत करने की तैयारी में है। दिल्ली मॉडल को लेकर राजस्थान में पार्टी जमीन तैयार करेगी। 23 फरवरी से एक माह तक राज्य भर में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में पार्टी ने कम से कम एक लाख नए सदस्यों को जोडऩे का लक्ष्य रखा है। राज्य में हुए विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी ने दो बार राज्य में सदस्यता अभियान चलाया और उसमें करीब सवा लाख सदस्य बने थे। इन सदस्यों को पार्टी जोडऩे के साथ-साथ इनमें से सक्रिय कार्यकर्ताओं को पार्टी संगठन का काम देगी। संगठन को मजबूत करने के लिए जल्द नियुक्तियां भी करेगी। इसके अलावा प्रचार-प्र्रसार के लिए दिल्ली की तर्ज पर मौहल्ला और नुक्कड़ सभाएं कर लोगों को पार्टी से जोड़ेगी। साथ ही जयपुर के अलावा जोधपुर और कोटा में पार्टी के बड़े नेता भी सक्रिय होंगे। इनमें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया तक शामिल होंगे।
सब कुछ बेहतर करने का दावा
जयपुर, जोधपुर और कोटा के छह नगर निगमों में 18 अप्रेल से पहले चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी इस मौके को भुनाना चाहती है और नगर निगम चुनावों में दमदार प्रदर्शन कर राजस्थान की राजनीति में पकड़ बनाना चाहती है। दिल्ली में भी सरकार ने अब तक वही काम किए हैं, जो जनता से सीधे जुड़े हैं। इनमें मुफ्त बिजली और पानी से लेकर सरकारी स्कूलों की शिक्षा में सुधार शामिल हैं। इसी की तर्ज पर निकायों में पार्टी बेहतर सुविधाएं देने का वादा लोगों से करेगी।
ये बड़ी दिक्तत: अब तक चुनाव चिन्ह का विवाद सुलझा नहीं है। हालांकि पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि चुनाव चिन्ह झाड़ू नहीं मिलता तो पार्टी प्रत्याशियों उतारेगी और उनको चुनाव लड़ाएगी। ऐसी स्थिति में पार्टी के प्रत्याशियों को अलग-अलग चुनाव चिन्ह मिलेंगे।

निकाय चुनावों पर फोकस
पार्टी संगठन का निकाय चुनावों पर फोकस रहेगा। पार्टी नेताओं का कहना है कि निकायों की पहुंच हर घर तक होती है। अभी पूरा शहर नगर निगम की कार्यप्रणाली से परेशान है। इसको सुधारने के साथ-साथ नई व्यवस्थाओं को लागू करने का दावा पार्टी कर रही है। पार्टी के शहर अध्यक्ष अमित शर्मा लियो का कहना है कि सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के साथ-साथ अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर पार्टी निकाय चुनाव लड़ेगी। सफाईकर्मियों की कमी है। साथ ही दिल्ली में कर्मचारियों के सीवर में उतरना अपराध घोषित कर रखा है। यहां पर भी सीवरलाइन की सफाई मशीनों से करवाने जैसे मुद्दे पर पार्टी दम भरेगी।
वर्जन…
राज्य में एक महीने का सदस्यता अभियान चलाएंगे। काउंटर लगाकर युवाओं को जोडेंग़े और पोस्टर लगाकर दिल्ली सरकार की जनउपयोगी योजनाओं के बारे में लोगों को बताएंगे। निकाय चुनाव भी पार्टी पूरी दमदारी के साथ लड़ेगी।
-देवेंद्र शास्त्री, समन्वयक, राजस्थान
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो