script

जवाबदेही कानून नहीं आने पर सरकार को घेरने की तैयारी

locationजयपुरPublished: Dec 19, 2021 02:25:37 am

Submitted by:

Shailendra Agarwal

— सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा राय के नेतृत्व में 20 को जयपुर से शुरु होगी जवाबदेही यात्रा—2— 45 दिन में प्रदेश के सभी 33 जिलों तक पहुंचेगी’आरटीआइ आॅन व्हील्स’ जवाबदेही कानून यात्रा के जरिए संविधान, लोकतंत्र व मानवाधिकार के मुद्दे उठाए जाएंगे

जयपुर। जवाबदेही कानून सहित विभिन्न मांगों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा रॉय के नेतृत्व में 20 दिसम्बर से जयपुर के शहीद स्मारक से जवाबदेही यात्रा—2 शुरू होगी। यात्रा 45 दिन में प्रदेश के सभी 33 जिलों तक पहुंचेगी और 2 फरवरी को वापस जयपुर पहुंचेगी। यात्रा एक बड़ी बस और ‘आरटीआई ऑन व्हील्स’ नामक एक वैन में जाएगी।
सूचना एवं रोजगार अधिकार अभियान (एसआर अभियान) के बैनरतले शुरू होने वाली इस यात्रा में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। अभियान के जरिए राज्य सरकार पर जवाबदेही कानून पारित करने के लिए दबाव बनाया जाएगा, ताकि शासन में नागरिकों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। इसके जरिए लोगों की शिकायत दर्ज करने, उनका समय रहते समाधान कराने का अधिकार दिलाने का प्रयास किया जाएगा। प्रस्तावित जवाबदेही कानून को आम आदमी के नजरिए से सूचना का अधिकार कानून के भाग—2 के रूप में माना जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2016 में जवाबदेही यात्रा निकाली गई थी, जो हर जिले तक पहुंची।
पहले भी हुए प्रयास
अभियान की ओर से वर्ष 2016 से 2018 तक भी कानून के लिए प्रयास किया गया। कांग्रेस ने 2018 के विधानसभा चुनाव घोषणा पत्र में कानून का वादा भी किया। इसके तहत राज्य सरकार ने एक समिति की स्थापना की, जिसने प्रारूप पेश कर दिया। इसके बावजूद कानून अब तक नहीं बन पाया है।
100 दिन की यात्रा भी निकाली
वर्ष 2016 में जवाबदेही कानून के लिए 100 दिवसीय यात्रा निकाली गई। इसमें 100 कार्यकर्ताओं का समूह शामिल था, जिसने लोगों से शिकायतें भी ली। लगभग 10ए000 शिकायतें आईं। 22 दिनों तक चले धरने के साथ यात्रा समाप्त हुई।

ट्रेंडिंग वीडियो