scriptचुनावी रैली में केन्द्र सरकार पर जमकर बरसे CM गहलोत | Ashok gehlot Address a public meeting in Sujangarh | Patrika News

चुनावी रैली में केन्द्र सरकार पर जमकर बरसे CM गहलोत

locationजयपुरPublished: Mar 30, 2021 03:31:07 pm

Submitted by:

santosh

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोगों को गुमराह करने एवं धनबल के आधार पर चुनाव जीतना चाहने का आरोप लगाया।

gehlot.jpg

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोगों को गुमराह करने एवं धनबल के आधार पर चुनाव जीतना चाहने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस प्रत्याशी के जीतने पर राज्य सरकार मजबूत होगी और काम करने में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।

गहलोत आज चूरू जिले के सुजानगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी मनोज कुमार मेघवाल के समर्थन में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में आज माहौल बिगड़ा हुआ है और विरोधियों को जेल मे डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोटों का वर्चस्व होता हैं। भाजपा को किसानों के आशीर्वाद से संसद में भारी बहुमत मिला है। केन्द्र सरकार किसानों की सुनवाई नहीं कर रही है जबकि उसे किसानों को बुलाकर उनसे बात करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि वह कृषि के तीनों कानूनों को लागू नहीं कर पाएगी। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस की सोच में अंतर है। उन्होंने कहा कि भाजपा निम्न स्तर की आलोचना करती हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तब मजबूत होता जब विपक्ष मजबूत होगा और वह कमियां बताएगा तो उन्हें ठीक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास धन की कोई कमी नहीं हैं। उन्होंने भाजपा को दूनिया की सबसे अमीर पार्टी बताते हुए कहा कि वह लोगों को गुमराह करके एवं धनबल से चुनाव जीतना चाहती है।

गहलोत ने विश्वास दिलाते हुए कहा कि हम लोग काम करने में कोई कमी नहीं रखेंगे। उन्होंने कहा कि मास्टर भंवरलाल मेघवाल का निधन यहां की सेवा करते-करते ही हुआ है। वह एक साफ छवि के आदमी थे। उन्होंने उनका निधन कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने सुजानगढ़ से मनोज मेघवाल पर भरोसा जताया है। अगर वह चुनाव जीतते हैं तो कांग्रेस की सरकार मजबूत होगी और विकास के और काम होंगे।

उन्होंने कहा कि राजस्थान के विकास, किसान एवं गरीब के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस को जीतना हैं। उन्होंने कहा राज्य में उनकी सरकार ने वैश्विक महामारी कोरोना काल में शानदार बजट पेश कर उसमें सभी क्षेत्रों का ध्यान रखा है। राजस्थान में कोरोना काल में मृत्यु दर सबसे कम है। कोरोना काल में पत्रकारों ने भी अपनी महत्सपूर्ण भूमिका निभाई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कई स्कूलों में जहां 500 से अधिक छात्राएं थी उन्हें क्रमोन्नत कर कॉलेज बनाए। हमारी सरकार बालिका शिक्षा पर जोर दे रही है वहीं हमने घर घर तक पानी पहुंचाया। कांग्रेस प्रत्याशी के जीतने से कांग्रेस मजबूत होगी।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि हमने किसी भी चीज की कमी नहीं आने दी है और अब जनता के आशीर्वाद से प्रदेश के उपचुनाव में तीनों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी जीतेंगे। उन्होने कहा कि अगर भाजपा चुनाव जीतती है तो उनकी केवल संख्या बढ़ेगी लेकिन अगर कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव जीतता है तो सरकार और मजबूत होगी। सरकार अभी तीन साल और चलेगी। उन्होंने विकास और सुशासन के नाम पर वोट देने की अपील भी की।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एवं महासचिव अजय माकन ने कहा कि उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के जीतने पर क्षेत्र का चहुंमुखी विकास कराया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाते हुए कहा कि दिवंगत पूर्व मंत्री मास्टर भंवर लाल मेघवाल को सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए उनके पुत्र मनोज मेघवाल को जीताना होगा। बाकी विकास का काम कांग्रेस देखेगी। वह खुद भी चुनाव तक यहां रहने वाले हैं और एक एक चीज पर पैनी नजर रखे हुए हैं और जो मेहनत कर रहे हैं उनकी मेहनत बेकार नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि भंवर लाल मेघवाल ने चार दशक से भी अधिक समय तक काम किया और वह राजस्थान ही नहीं देश के बड़े नेता थे। उनके पुत्र को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केन्द्र की मोदी सरकार पर किसानों पर कृषि कानून थोपने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान आंदोलनरत हैं लेकिन वह उन पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। लेकिन अब समय आ गया है कि उपचुनाव में उसे सबक सिखाया जाए। उन्होंने विश्वास दिलाते हुए कहा कि विकास के काम कराए जाएंगे। उन्होंने सुजानगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी मनोज मेघवाल को सच्चा एवं ईमानदार इंसान बताते हुए कहा कि वह क्षेत्र के लोगों की हर पीड़ा में उनके साथ खड़ा मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कोई किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भंवर लाल मेघवाल ने चालीस साल से अधिक लोगों की सेवा कर नए आयाम कायम किए। उन्होंने विकास के सभी काम कराए और उनके निधन के बाद अब उनके अधूरे सपने पूरा करने के लिए कांग्रेस प्रत्याशी एवं उनके पुत्र मनोज मेघवाल को जीताना होगा ताकि अधूरे काम को आगे बढाया जा सके।

इस मौके पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस ने सोच समझकर पूर्व मंत्री मास्टर भंवर लाल मेघवाल के पुत्र मनोज मेघवाल को यहां पार्टी प्रत्याशी बनाया हैं और अब आपकी जिम्मेदारी है। पायलट ने आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र में भाजपा की सरकार ने मनमानी तरीके से कृषि कानून बनाकर थोप दिए गए। जिससे किसान परेशान हुए, इसका एक संदेश जायेगा। उन्होंने कहा कि इसका जवाब देना भी जरुरी हैं। उन्होंने प्रदेश के तीनों उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों के जीतने का दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने विकास के काम को आगे बढ़ाया है और एक भी वोट खराब न हो और कांग्रेस को जीताना है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर राज्य के विकास को और आगे ले जाएंगे। इससे पहले कांग्रेस प्रत्याशी मनोज मेघवाल ने उन्हें पार्टी का उम्मीदवार बनाकर चुनाव लड़ने का मौका देने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा कांग्रेस के अन्य बड़े नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि वह उनके भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके पिता मास्टर भंवर लाल ने क्षेत्र से कई बार चुनाव लड़ा और क्षेत्र की सेवा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो