script

CM गहलोत बोले- हम पेट्रोल-डीजल पर वैट कम कर भी देंगे तो फिर से बढ़ना शुरू हो जाएगा

locationजयपुरPublished: Nov 12, 2021 10:08:24 am

CM गहलोत ने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से राज्यों पर पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करने का दबाव बनाया जा रहा है।

ashok gehlot

ashok gehlot

जयपुर / नई दिल्ली / पत्रिका ब्यूरो। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मंत्रिमंडल पुनर्गठन और राजनीतिक नियुक्तियों का फैसला अब आलाकमान को तय करना है। हमने अब यह उन पर छोड़ दिया है। उनसे जो जानकारी मांगी गई थी, वह उपलब्ध करा दी है। आलाकमान का फैसला उन्हें मंजूर होगा।

गहलोत ने यह बातें गुरुवार को दस जनपथ पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से करीब आधे घंटे की बैठक के बाद मीडिया से कही। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी से अच्छे माहौल में बातचीत हुई है। राजस्थान को लेकर सभी बातें आलाकमान को बता दी है। राजस्थान के प्रभारी महासचिव अजय माकन को राजस्थान के हालात की जानकारी है। गहलोत ने उम्मीद जताई कि माकन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से चर्चा करेंगे और के.सी.वेणुगोपाल समेत अन्य नेताओं के साथ हुई बातों पर फैसला करेंगे।

प्रियंका ने निभाई थी अहम भूमिका-
गहलोत ने बुधवार की बैठक को लेकर कहा कि अजय माकन प्रभारी है। जबकि वेणुगोपाल संगठन महासचिव है। वहीं उस वक्त (सरकार की परेशानी) में प्रियंका गांधी ने अहम भूमिका निभाई थी। वह सभी को एकजुट करने के लिए कहती रहती है। वैसे भी जब कभी हम मिलते हैं तो सभी बातचीत होती है। सभी को सब्र रखना चाहिए।

राहुल फिलहाल दिल्ली से बाहर-
सूत्रों ने बताया कि गहलोत के दो दिवसीय दौरे के समय राहुल गांधी दिल्ली से बाहर विदेश यात्रा पर बताए गए हैं। ऐसे में उनके वापस आने पर ही राजस्थान के मुद्दों को लेकर निर्णय हो सकेगा।

बचपन से मीडिया फ्रेंडली-
गहलोत ने खुद को बचपन से मीडिया फ्रेंडली बताते हुए मीडिया पर तंज किया। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल पुनर्गठन को लेकर जो तारीख मुझे नहीं पता वो मीडिया वाले छाप देते हैं। मीडिया वालों के पता नहीं कैसे-कैसे सपने आते हैं। अखबार वाले छापते हैं कि राहुल गांधी ने गहलोत को डांट लगा दी। ऐसी खबरों से मीडिया क्रेडिबलिटी कम हो जाती है।

वैट कम करने का दबाव बना रहा केन्द्र-
गहलोत ने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से राज्यों पर पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करने का दबाव बनाया जा रहा है। गृहमंत्री अमित शाह ने खुद मुझे फोन किया। उन्होंने कहा कि यदि हम वैट कम कर भी देंगे तो फिर से बढ़ना शुरू हो जाएगा तो क्या होगा। केन्द्र सरकार राज्यों को कमजोर कर रही है। ये पूर्ववर्ती यूपीए सरकार को बदनाम करके सत्ता में आए हैं।

गहलोत ने कहा कि देश का लोकतंत्र, संविधान खतरे में है। इनकम टैक्स, सीबीआई का दुरुपयोग हो रहा है। अब देशद्रोह का मुकदमा लगा देते हैं। देश की हालत चिंताजनके बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किया है। कोरोना में मनरेगा ने देश को बचा लिया। गरीबों को सस्ता अनाज देने का काम किया। वहीं विनोद राय जैसे लोगों ने यूपीए सरकार को बदनाम किया और अब माफी मांगते फिर रहे हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो