script

असांज को सौंपकर इक्वाडोर ने यों निभाई अमरीका से दोस्ती

locationजयपुरPublished: Apr 20, 2019 08:06:24 pm

-आइएमएफ से आर्थिक मदद के बाद इक्वाडोर सरकार ने बदला रुख

-आइएमएफ से आर्थिक मदद के बाद इक्वाडोर सरकार ने बदला रुख

असांज को सौंपकर इक्वाडोर ने यों निभाई अमरीका से दोस्ती

जयपुर.

विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांज की गिरफ्तारी के बाद इक्वाडोर और अमरीकी संबंधों की परतें खुलने लगी हैं। सात वर्ष से इक्वाडोर के दूतावास में शरण लिए असांज को भी अहसास था कि इक्वाडोर की मौजूदा सरकार अपने अमरीकी हितों के लिए उन्हें सौंप सकती है। 2012 में इक्वाडोर के तत्कालीन राष्ट्रपति राफेल कोरियो ने असांज को शरण दी थी। वामपंथी नेता कोरियो के समय इक्वाडोर और अमरीकी सरकार के बीच संबंध तेजी से बिगड़ रहे थे। 2007 में राष्ट्रपति राफेल कोरियो ने जासूसी का आरोप लगाते हुए अमरीकी राजदूत को भी निष्कासित कर दिया था। असांज को अपने दूतावास में शरण देकर तो इक्वाडोर ने अमरीका से दुश्मनी को और धार दे दी। इक्वाडोर का निर्यात भी 2014 में 10.87 बिलियन डॉलर से घटकर 2015 में 7.47 बिलियन डॉलर ही रह गया। इसके बाद ऋण के लिए इक्वाडोर ने चीन का रुख कर लिया। हालांकि इसके बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल में आए उछाल ने इक्वाडोर की अर्थव्यवस्था को संबल दिया, लेकिन इसके बाद आई मंदी ने फिर अर्थव्यवस्था को झकझोर दिया। 2017 में जब लेनिन मोरेने राष्ट्रपति चुने गए तो उन्होंने पिछली सरकार से उलट अमरीका की ओर उम्मीद भरी नजरों से देखना शुरू किया। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने इक्वाडोर को आर्थिक मदद भी दी। इससे दोनों देशों के बीच फिर नजदीकियां बढ़ गई। शरण के दौरान 2016 में असांज ने एक बिल्ली गोद लेकर उसका ट्विटर अकाउंट भी बनाया। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि वह बिल्ली किसके पास है?
राष्ट्रपति मोरेनो ने लगाया समझौते के उल्लंघन का आरोप
असांज की गिरफ्तारी के बाद मोरेनो ने असांज पर आरोपों की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा असांज ने उनके और उनके कानूनी सलाहकार के बीच हुए कानूनी समझौते का उल्लंघन किया है। मोरेनो ने विकीलीक्स को अपने निजी संदेशों को रोकने और अपने परिवार की निजी तस्वीरों को जारी करने का दोषी ठहराया।

ट्रेंडिंग वीडियो