जयपुर

5 सितंबर से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र, किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

जयपुरSep 01, 2018 / 11:47 am

Nidhi Mishra

assembly monsoon session-opposition to raise farmers related issue

जयपुर। 5 सिंतबर से शुरू हो रहे राजस्थान विधानसभा के मानसून सत्र में सत्ताधारी भाजपा को किसानों के मुद्दे पर घेरने की तैयारी कर ली है। इसी रणनीति के तहत नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी 2 सिंतबर रविवार को अपने आवास पर किसान जनजागरण कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। रविवार सुबह सिविल लाइंस स्थित आवास पर ये कार्यक्रम आयोजित होगा। इस आयोजन में प्रदेश भर से किसानों और कांग्रेस नेताओं को बुलाया गया है।
 

 

प्रमुख नदियों के जल आचमन से लेंगे संकल्प
किसानों के समक्ष नेता प्रतिपक्ष प्रदेश की प्रमुख नदियों के जल का आचमन कर भाजपा कुशासन के अंत व किसान सशक्तिकरण का संकल्प लेंगे। किसान जागरण के जरिए राज्य सरकार को चेताया जाएगा कि वह मानसून सत्र में सदन में किसानों का संपूर्ण कर्जा माफी की घोषणा करे। नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने बताया कि राज्य सरकार किसानों का कर्जा माफी, किसान आत्महत्या, युवाओं को रोजगार, महिला उत्पीड़न जैसे मुद्दों के प्रति गंभीर नहीं है।
 


राजनीतिक स्वार्थ के लिए निकाल रहीं गौरव यात्रा
मुख्यमंत्री किसानों की उपेक्षा कर अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिये गौरव यात्रा निकाल रही हैं। इसलिए किसान जागरण के जरिए प्रदेश की जनता के हितों की रक्षा की आवाज उठाई जाएगी। डूडी ने कहा कि राजस्थान कृषि प्रधान राज्य है और प्रदेश की दो-तिहाई आबादी कृषि क्षेत्र से जुड़ी हुई है। लेकिन प्रदेश का किसान अपने सबसे बुरे दिनों से गुजर रहा है जिसकी दोषी मौजूदा सरकार है।
 


पानी के मुद्दे पर प्रदेश के किसानों को ठगा
डूडी ने कहा कि पानी के बिना कृषि की संरचना असंभव है, लेकिन भाजपा सरकार ने पानी के मुद्दे पर प्रदेश के किसानों को ठगा है। इंदिरा गांधी नहर परियोजना, चंबल, माही व नर्मदा जैसी नदी-नहर परियोजनाओं की दुर्दशा हो रही है। डूडी ने कहा कि किसान जागरण सिर्फ एक आयोजन भर नहीं है, बल्कि प्रदेश में किसान सशक्तिकरण का एक संकल्प है, जिसे गांव-ढाणी तक ले जाया जाएगा।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.