
जयपुर . संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावती' पर राजस्थान सरकार ने भी रोक लगा दी है। सरकार ने कहा है कि केन्द्रीय सूचना-प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी को 18 नवम्बर को पत्र भेजकर दिए गए सुझावों पर अमल नहीं होता तब तक राज्य में इस फिल्म का प्रदर्शन नहीं होने दिया जाएगा। इधर, मध्यप्रदेश और पंजाब ने भी फिल्म पर प्रतिबंध लगा दिया है।
गौरतलब है, राज्य सरकार ने पत्र में सुझाव दिया था कि उक्त फिल्म और उसके कथानक पर प्रसिद्ध इतिहासकारों, फिल्मी हस्तियों और समाज के प्रतिनिधियों की एक समिति से समीक्षा सुनिश्चित कराई जाए। इससे पूर्व सीमा सुरक्षा को लेकर बुलाई बैठक में गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने फिल्म पर बैन को लेकर पुलिस अधिकारियों से चर्चा की। इसमें डीजी अजीत सिंह, एडीजी (इंटेलीजेंस) यूआर साहू व गृह विभाग के अधिकारी मौजूद थे। इसमें पहले सीमा सुरक्षा और पाक हिंदू विस्थापितों के मुद्दे पर चर्चा हुुई। इसके बाद एडीजी साहू ने फिल्म को लेकर उपजे तनाव पर रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि फिल्म रिलीज होने पर कई जगह तनाव हो सकता है।
जयपुर में हुआ परिवाद दायर
पद्मावती फिल्म के विरोध में जयपुर के एसीजेएम कोर्ट 16 में सोमवार को परिवाद पेश किया गया है। परिवाद में बताया है कि फिल्म में इतिहास से छेडछाड और रानी पद्मनी का अपमान किया गया है। इस संबंध में परिवादी भवानी शंकर शर्मा ने एसीजेएम कोर्ट 16 में परिवाद पेश किया है। परिवादी के वकील फरीद खान ने बताया कि फिल्म निर्माण के दौरान निर्देशक संजय बंसाली ने इतिहास को गलत तरीके से पेश किया है। जिससे राजपूत समाज में काफी रोष है। पूरे प्रदेश में फिल्म के प्रति विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। कोर्ट ने परिवाद पर 22 नवंबर को सुनवाई करेगी।
बंद रहे बाजार
पद्मावती फिल्म को लेकर भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा व रायपुर में सर्व समाज के आव्हान पर दोपहर विरोध प्रदर्शन के बाद बाजार करीब 3 घंटे बंद रहे। इस दौरान दोनों कस्बों में विरोध रैली निकाली जा कर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन दिया गया। इस दौरान रायपुर में फिल्म निर्माता निर्देशक संजय भंसाली का पुतला भी फूंका गया।
Published on:
20 Nov 2017, 11:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.