दिया कुमारी ने कांग्रेस पर लगाए कई आरोप कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राजसमंद सांसद दिया कुमारी ने कहा कि देश को बदलना है और देश में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। दिया कुमारी ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हें ना तो जनता का काम करना है और ना कोई विकास करना है। इनको तो अपना ही सोचना है कि कुर्सी कैसे टिकी रहें, ऐसी सरकार का विरोध जरुरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास का कोई काम नहीं कर रही। किसानों के काम नहीं हो रहे, पेंशन बंद हो गई है। यह सब गंभीर बात है। आठ महीनों में महिला, दलित व नाबालिग बच्चों पर अत्याचार की इतनी घटनाएं बढ़ी है कि समझ में नहीं आ रहा कि सरकार कर क्या रही है। साथ ही कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा व विकास को लेकर भी सवाल खड़े किए।
धारा 370 हटाने को लेकर बोली दिया कुमारी धारा 370 हटाने को लेकर विपक्ष द्वारा संसदीय अपेक्षाओं का ध्यान नहीं रखने सबंधी सवाल के जवाब में दिया कुमारी ने कहा कि वह पार्टी ऐसे आरोप लगा रही है जिसके मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जा रहे हैं। बिल्कुल संवैधानिक तरीके से 370 हटाई गई है। दिया कुमारी ने कांग्रेस से सवाल किया कि आपातकाल में इन्होंने क्या किया। संसद में बिना पास किए कानून हटा दिए। ये अगर अपना इतिहास देखेंगे तो उनको पता लग जाएगा कि क्या हुआ है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई पूर्व वित्त मंत्री चिदम्बरम को सीबीआई द्वारा गिरफ्तार करने के मामले में कहा कि जिस पर भी आरोप होंगे उसके खिलाफ कार्रवाई होगी, चाहे वह किसी भी पार्टी का क्यों ना हो। इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री सी आर चौधरी ने कहा कि सडक़े बनाना, शिक्षा देना, विकास करवाना संभव नहीं है तो कोई बात नहीं कम से कम सरकार हमारी बहन बेटियों की इज्जत तो बचा लें। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा के राज में लांछन लगाते थे आज उनके राज में बहन बेटियों की सुरक्षा नहीं है।