अब अग्रिम संगठनों के जरिए सरकार पर धावा बोलेगी भाजपा
प्रदेश भाजपा अब अपने अग्रिम संगठनों के जरिए सरकार पर धावा बोलेगी। सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ इन मोर्चा के जरिए भाजपा सड़कों पर उतरकर विरोध जताएगी। भाजपा मुख्यालय पर सभी सातों मोर्चा की संयुक्त बैठक में यह निर्णय किया गया है।

जयपुर।
प्रदेश भाजपा अब अपने अग्रिम संगठनों के जरिए सरकार पर धावा बोलेगी। सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ इन मोर्चा के जरिए भाजपा सड़कों पर उतरकर विरोध जताएगी। भाजपा मुख्यालय पर सभी सातों मोर्चा की संयुक्त बैठक में यह निर्णय किया गया है।
बैठक में सभी सातों अग्रिम संगठनों को जिला और मंडल स्तर तक की कार्यकारिणी के गठन का काम 15 मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मंडल स्तर तक प्रभावी तरीके से विरोध-प्रदर्शन किया जा सके। पार्टी ने यह भी तय किया है कि विषय के अनुसार ही प्रदर्शन किए जाएंगे। मसलन अगर एससी-एसटी से संंबंधित मामले हैं तो इन मोर्चों की ओर से सरकार का विरोध किया जाएगा। अगर युवाओं से संबंधित मामले हैं तो भाजयुमो और अल्पसंख्यकों से संबंधित मामलों में अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से प्रदर्शन किय जाएगा। कई मामलों में सभी मोर्चा आपस में मिलकर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
मोर्चा पदाधिकारियों का कार्य विभाजन हुआ शुरू
सभी मोर्चा की संयुक्त बैठक के बाद मोर्चा पदाधिकारियों का कार्य विभाजन कर दिया गया है। महिला मोर्चा और भाजयुमो पदाधिकारियों को जिलेवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब ये पदाधिकारी अपने जिलों में जिला व मंडल स्तर पर कार्यकारिणी का गठन कराएंगे। महिला मोर्चा ने जयपुर शहर में जयश्री गर्ग, जयपुर देहात उत्तर में बादाम वर्मा और जयपुर देहात दक्षिण में स्नेहा काम्बोज को प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह भाजयुमो ने जयपुर शहर में सौरभ फौजदार, जयपुर देहात उत्तर में रोशनी शर्मा और जयपुर देहात दक्षिण में जयंत यादव को जिम्मेदारी दी गई है।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज