जयपुर

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बीजेपी के नए अध्यक्ष सीपी जोशी ने संभाला पदभार, हजारों की तादाद में जुटे भाजपा कार्यकर्ता

-प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और निवर्तमान प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया की मौजूदगी में किया पदभार ग्रहण, निर्धारित कार्यक्रम से 2 घंटा देरी से बीजेपी कार्यालय पहुंचे थे सीपी जोशी, पदभार ग्रहण समारोह के लिए बीजेपी कार्यालय के बाहर बनाया गया था भव्य मंच

जयपुरMar 27, 2023 / 03:49 pm

firoz shaifi

जयपुर। प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष सीपी जोशी ने आज दोपहर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत तौर पर अपना पदभार ग्रहण किया। प्रदेश भाजपा के प्रभारी अरुण सिंह और निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने सीपी जोशी को पदभार ग्रहण कराया।इससे पहले सीपी जोशी ने संत समाज का आशीर्वाद लिया। सीपी जोशी जयपुर ग्रामीण से भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के साथ सड़क मार्ग से जयपुर पहुंचे थे।

सीपी जोशी के पदभार ग्रहण समारोह के लिए बीजेपी कार्यालय के बाहर विशाल मंच और पंडाल लगाए गए थे। विशाल मंच पर जहां पार्टी के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, निवर्तमान अध्यक्ष सतीश पूनिया सहित कई अन्य नेताओं को जगह दी गई थी तो वहीं भाजपा के सांसदों-विधायकों और अन्य नेताओं के लिए मंच के सामने अलग-अलग बॉक्स बनाए गए थे। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सीपी जोशी के पदभार ग्रहण समारोह में वर्चुअल तौर परशामिल हुईं।


हजारों की तादाद में जुटे भाजपा कार्यकर्ता
इधर बीजेपी के नवनियुक्त अध्यक्ष सीपी जोशी के पदभार ग्रहण समारोह के लिए भाजपा कार्यालय के बाहर विशाल पंडाल लगाया गया था जिसमें हजारों की तादाद में भाजपा कार्यकर्ता और जोशी के समर्थक मौजूद थे। बड़ी संख्या में मेवाड़ के चित्तौड़गढ़ और उदयपुर से भी समर्थक जयपुर पहुंचे थे।

महिला मोर्चा और युवा मोर्चा ने अलग मंच बनाकर किया स्वागत
वहीं महिला मोर्चा और युवा मोर्चा ने भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष सीपी जोशी का अलग अलग पर मंच पर माला और साफा पहना कर स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और बीजेपी के पक्ष में जमकर नारेबाजी भी हुई।

2 घंटे देरी से पहुंचे सीपी जोशी
वहीं बीजेपी अध्यक्ष सीपी जोशी निर्धारित समय से करीब 2 घंटे देरी से पहुंचे। सीपी जोशी के पदभार ग्रहण का समय पहले दोपहर 12:15 बजे निर्धारित था लेकिन वो करीब 2:30 बजे के आसपास बीजेपी कार्यालय पहुंचे, रास्ते में जगह-जगह उनके भव्य स्वागत को देरी की वजह बताई जा रही है।

शाहजहांपुर बॉर्डर से लेकर जयपुर शहर तक स्वागत
इधर सीपी जोशी सुबह 6 बजे दिल्ली से जयपुर के लिए रवाना हुए थे, जहां पर शाहजहांपुर बॉर्डर, बहरोड़, कोटपूतली, शाहपुरा, पावटा, मनोहरपुर और राजधानी जयपुर के भी कई स्थानों पर उनका स्वागत किया गया। गौरतलब है कि चित्तौड़गढ़ से सांसद सीपी जोशी लगातार दूसरी बार लोकसभा के सदस्य हैं। वो पहली बार 2014 में चित्तौड़गढ़ से सांसद बने थे उसके बाद 2019 में भी दूसरी बार सांसद बने हैं। इससे पहले वे प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रहे हैं।

वसुंधरा राजे के होर्डिंग्स-बैनर चर्चा का विषय
इधर सीपी जोशी के पदभार ग्रहण समारोह के चलते बीजेपी कार्यालय और आसपास लगाए गए होर्डिंग्स और बैनर में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की फोटो चर्चा का विषय रही। इन होर्डिंग्स और बैनर में केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, नवनियुक्त अध्यक्ष सीपी जोशी और वसुंधरा राजे की फोटो लगी हुई थी जो सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

वीडियो देखेंः- शेखावत ने कहा कांग्रेस मानती है कि गांधी परिवार संवैधानिक व्यवस्था से ऊपर है।

Home / Jaipur / वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बीजेपी के नए अध्यक्ष सीपी जोशी ने संभाला पदभार, हजारों की तादाद में जुटे भाजपा कार्यकर्ता

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.