जयपुर

CAA पर भाजपा का जन जागरण, अब प्रबुद्धजनों के पास पहुंचे

#CAA

जयपुरJan 20, 2020 / 12:37 pm

Bhavnesh Gupta

CAA पर भाजपा का जन जागरण, अब प्रबुद्धजनों के पास पहुंचे

जयपुर। नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में भाजपा विधायक और ज्यादा सक्रिय हो गए हैं। इसी को लेकर मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के राजापार्क मंडल में प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कालीचरण सराफ ने कहा कि पाकिस्तान और अन्य पड़ौसी देशों से नारकीय जीवन जीकर यहां आए विस्थापितों को नागरिकता देकर सम्मानजनक व सुरक्षित जीवन जीने का अधिकार दिया है। कांग्रेस पार्टी जब राज में थी तो पाकिस्तान, अफगानिस्तान व बांग्लादेश से प्रताड़ित होकर आए अल्पसंख्यकों को नागरिकता नहीं दे पाई और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह कार्य किया है तो कांग्रेस पार्टी वोट बैंक के लिए मुस्लिमों को भड़काने का काम कर रही है। यह कानून नागरिकता देने के लिए है ना कि किसी की नागरिकता छिनने के लिए। इसलिए सभी लोग इस कानून के बारे में पढ़े और घर घर जाकर सभी को बताएं और समझाएं कि क्यों यह कानून जरूरी है।
मुख्य वक्ता पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने नागरिकता संशोधन बिल को लोकसभा व राज्यसभा से पास कराकर कानून बनाने का ऐतिहासिक काम किया है। उन्होंने तीनों देशों से प्रताड़ित होकर आए लाखों अल्पसंख्यकों को न्याय देने का काम किया है।नागरिकता संशोधन कानून ऐसे किसी भी धर्म के विदेशी नागरिक को नागरिकता लेने से नहीं रोकता जो नागरिकता अधिनियम 1955 के तहत भारत की नागरिकता चाहता है। इसलिये कांग्रेस पार्टी का यह हो हल्ला सिर्फ जनता को गुमराह करने का प्रयास है। इससे हमें सचेत रहना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शहर भाजपा अध्यक्ष सुनील कोठारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वर्षों तक राज किया है परन्तु विस्थापित अल्पसंख्यकों के हितों की रक्षा करने में असमर्थ रही।
कार्यक्रम में शहर उपाध्यक्ष एवं मालवीय नगर संयोजक ब्रहम कुमार सैनी, मंडल अध्यक्ष खुशविन्दर सिंह, पूर्व पार्षद चंद्र भाटिया, स्वाति परनामी, श्वेता शर्मा, संजीव शर्मा, बलदेव सिंह, देवेंद्र सिंह शंटी, सिख समाज के अजयपाल सिंह, आर्य समाज के सत्यव्रत सामवेदी, राजापार्क व्यापार मंडल के रवि नैय्यर, परनामी समाज के बृजमोहन मदान, भाटिया बिरादरी के नितिन भाटिया, झंग बिरादरी के कृष्ण गोपाल शर्मा, ब्राह्मण समाज के जे.पी शर्मा सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख समाज, बिरादरियों, विकास समितियों, व्यापार मण्डलों के पदाधिकारी व प्रबुद्धजन शामिल हुए।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.