राजस्थान: भाजयुमो का आज सीकर में सरकार विरोधी प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु करेंगे नेतृत्व
सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल का विरोध, भाजपा युवा मोर्चा का आज सीकर में प्रदर्शन, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन, कोरोना काल के बावजूद फिर जोर पकड़ने लगा सड़कों पर विरोध

जयपुर।
राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल पूरे होने का विरोध आज भी जारी रहेगा। भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में आज सीकर कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। गौरतलब है कि भाजयुमो ने कल काला दिवस मनाते हुए प्रदेश भर में सरकार विरोधी प्रदर्शन किये थे। मुख्य प्रदर्शन जयपुर के सिविल लाइन्स पर हुआ था।
जानकारी के अनुसार आज दोपहर 1 बजे सीकर भाजपा के बैनर तले भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता एकजुट होकर कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध जताएंगे। वहीं विरोधस्वरूप मुख्यमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन भी किए जाने का कार्यक्रम है।
सड़कों पर ‘सक्रीय’ युवा मोर्चा
कोरोना काल के दौरान जहां प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता अपने तीखे बयानों से सरकार विरोधी हल्लाबोल कर रहे हैं, तो वहीं भाजपा युवा मोर्चा सडकों पर उतरकर विरोध जता रहा है। पिछले कुछ दिनों से भाजयुमो की ओर से सरकार विरोधी प्रदर्शन ने अचानक तेज़ी पकड़ ली है।
पिछले दिनों कोटा में नवजातों की मौत के मामले के बाद कल काला दिवस मनाते हुए सभी जिलों में कार्यकर्ताओं ने सडकों पर उतरकर सरकार का विरोध जताया है। अब आज सीकर में भी बड़ा विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी है।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज