जयपुर

दोनों महापौर पहुंचीं हिंगौनिया गौशाला, गायों की दुर्दशा देख जताई नाराजगी

गोपाष्टमी पर ग्रेटर, हैरिटेज की मेयर ने की गायों की पूजानिरीक्षण के दौरान गौशाला में मृत गायें देखकर हुईं खिन्न

जयपुरNov 23, 2020 / 12:08 am

Amit Pareek

ग्रेटर नगर निगम की महापौर सौम्या गुर्जर पूजा करते हुए

जयपुर. गोपाष्टमी पर दोनों नगर निगम की महापौर हिंगौनिया गौशाला पहुंचीं और गायों की पूजा की। पूजा करने के बाद ग्रेटर नगर निगम की महापौर सौम्या गुर्जर ने गौशाला का निरीक्षण किया। गायों की दशा देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। आईसीयू संख्या-तीन में 10 गौवंश मृत मिले। इसको लेकर उन्होंने उपायुक्त गौशाला मोहन सिंह से बात कर रिपोर्ट मांगी।
महापौर ने ट्रस्ट के पदाधिकारियों से कहा कि गौशाला की दशा सुधारने के लिए इसका काम आपको सौंपा गया था, लेकिन यहां गायों की दुर्दशा से लग रहा है कि इनकी देखभाल सही तरीके से नहीं हो रही है। कई बाड़ों में चारा भी गीला मिला। चारे में मिट्टी भी मिली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी नदारद
जानकारी के अनुसार ग्रेटर नगर निगम आयुक्त कोरोना पॉजिटिव बताए जा रहे हैं। अभी अतिरिक्त आयुक्त अरुण गर्ग के पास आयुक्त का चार्ज है। वे भी निरीक्षण के दौरान मौजूद नहीं थे। वहीं, गौशाला उपायुक्त भी मौजूद नहीं थे। जब बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर महापौर ने सवाल किए तो चिकित्सकों ने उपायुक्त न होने की बात कही। इसके बाद महापौर सौम्या गुर्जर ने फोन पर उपायुक्त से बात की।
गायों पर न हो राजनीति
हैरिटेज नगर निगम की महापौर मुनेश गुर्जर ने भी एक घंटे तक गौशाला का निरीक्षण किया। गौशाला में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गायों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। गौशाला की स्थिति ठीक नहीं है और इसमें सुधार किया जाएगा।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.