उप चुनाव के लिए कटारिया, राठौड़ सहित तीनों केंद्रीय मंत्रियों को दी जिम्मेदारी
प्रदेश की चार सीटों पर होने वाले उप चुनाव की कार्य योजना तैयार करने की जिम्मेदारी भाजपा ने वरिष्ठ नेताओं के कंधों पर डाली है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां के निर्देश पर छह वरिष्ठ नेताओं को विधानसभावाइज जिम्मेदारी दी गई है।

जयपुर।
प्रदेश की चार सीटों पर होने वाले उप चुनाव की कार्य योजना तैयार करने की जिम्मेदारी भाजपा ने वरिष्ठ नेताओं के कंधों पर डाली है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां के निर्देश पर छह वरिष्ठ नेताओं को विधानसभावाइज जिम्मेदारी दी गई है।
सुजानगढ़ में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया और सांसद सीपी जोशी को लगाया गया है। सहाड़ा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और विधायक मदन दिलावर, राजसमंद में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत और कैलाश चौधरी, वल्लभनगर में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और राष्ट्रीय मंत्री अलका सिंह गुर्जर को जिम्मेदारी दी गई है। ये सभी नेता पर्यवेक्षण का काम करेंगे। साथ ही जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा करके चुनाव की कार्ययोजना तैयार करेंगी। हालांकि अभी तक निर्वाचन विभाग ने चुनाव की तारीखें घोषित नहीं की है, लेकिन भाजपा पहले ही इन विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी लगा चुकी है।
आपको बता दें कि भंवर लाल मेघवाल, कैलाश चतुर्वेदी, किरन माहेश्वरी और गजेंद्र शक्तावत के निधन के बाद ये चारों सीटें खाली पड़ी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सभी नेताओं को मिलकर चुनाव में जीत दर्ज करने के निर्देश दे रखे हैं। इन उप चुनावों को 2023 के विधानसभा के सेमीफाइनल के रूप में देखा जा रहा है।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज