scriptप्रतिनियुक्ति पर आए और रम गए… रास आ रहा थड़ी-ठेले उठाना…घर का रास्ता भूले | Patrika News
जयपुर

प्रतिनियुक्ति पर आए और रम गए… रास आ रहा थड़ी-ठेले उठाना…घर का रास्ता भूले

जयपुर. हैरिटेज निगम की सतर्कता शाखा में कार्यरत हैड कांस्टेबल और कांस्टेबल को थड़ी-ठेले उठाना पसंद आ रहा है। यही वजह है कि प्रतिनियुक्ति अवधि पूरी होने के बाद भी अपने मूल विभाग (पुलिस) वापस नहीं गए। खास बात यह है कि ज्यादातर ने एक बार प्रतिनियुक्ति अवधि को बढ़वा भी लिया। सूत्रों की मानें […]

जयपुरDec 09, 2024 / 05:36 pm

Amit Pareek

jaipur
जयपुर. हैरिटेज निगम की सतर्कता शाखा में कार्यरत हैड कांस्टेबल और कांस्टेबल को थड़ी-ठेले उठाना पसंद आ रहा है। यही वजह है कि प्रतिनियुक्ति अवधि पूरी होने के बाद भी अपने मूल विभाग (पुलिस) वापस नहीं गए।
खास बात यह है कि ज्यादातर ने एक बार प्रतिनियुक्ति अवधि को बढ़वा भी लिया। सूत्रों की मानें तो ज्यादातर पुलिसकर्मी एक बार फिर प्रतिनियुक्ति बढ़ाने के लिए सिफारिश करवा रहे हैं। निगम आयुक्त अरुण कुमार हसीजा ने बताया कि इस प्रकरण में मार्गदर्शन मांगा है। उस हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये कर रखी व्यवस्था

-सतर्कता शाखा की ओर से हर जोन में दो-दो कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है। ये नियमित रूप से जोन में हो रहे निर्माणों पर नजर रखते हैं। अवैध निर्माण होने की सूचना मुख्यालय को देते हैं।
-गैराज शाखा ने सतर्कता शाखा को सात गाड़ियां दे रखी हैं। इनमें चार गाड़ियों से जोन में निगरानी की जाती है। शेष तीन गाडिय़ां मुख्यालय में सतर्कता शाखा के पास रहती है।

-इसके अलावा निगम में करीब 150 होमगार्ड भी हैं। हालांकि, इनका उपयोग निगम कम ही करता है।
सभी की समयावधि पूरी, फिर भी डटे

अभी निगम में दो हैड कांस्टेबल और नौ कांस्टेबल हैं। इनमें से एक हैड कांस्टेबल का प्रतिनियुक्ति काल अगले वर्ष 16 जनवरी को पूरा होगा। वहीं, दूसरे हैड कांस्टेबल का प्रतिनियुक्ति काल 21 नवम्बर को पूरा हो चुका है। वहीं, ज्यादातर कांस्टेबल वर्ष 2023 और कुछेक की प्रतिनियुक्ति अवधि इस वर्ष पूरी हो चुकी है।
पशु प्रबंधन में भी यही हाल

हैरिटेज निगम के पशु प्रबंधन शाखा में भी यही हाल है। प्रतिनियुक्ति पर आने के बाद यहां से भी जाने का मन नहीं करता। फरवरी, 2024 में पशुपालन विभाग से प्रतिनियुक्ति पर आए पशु धन सहायक मनोज कुमार को हैरिटेज निगम ने 30 अक्टूबर को रिलीव कर दिया। चार नवम्बर को पशुपालन विभाग ने पत्र लिखा और कहा कि आज तक विभाग में उपस्थिति नहीं दी है। इसके बाद भी मनोज कुमार ने जॉइन नहीं किया और दो दिसम्बर को वापस हैरिटेज निगम में जॉइन कर लिया। इसी तरह 20 अगस्त, 2024 को विभागीय पदोन्नति के कारण निगम ने पशुधन सहायक राकेश गुप्ता को कार्यमुक्त कर दिया। उन्होंने पदोन्नति का परित्याग कर दिया और वापस निगम में आ गए। हालांकि, दोनों को निगम ने अब तक कोई कार्य आवंटित नहीं किया है।

Hindi News / Jaipur / प्रतिनियुक्ति पर आए और रम गए… रास आ रहा थड़ी-ठेले उठाना…घर का रास्ता भूले

ट्रेंडिंग वीडियो