अलमारी का हैंडल ठीक करने आया और जेवरात पार कर ले गया
जयपुरPublished: Jan 12, 2020 01:02:22 am
बजाज नगर इलाके की घटना
जयपुर. बजाज नगर इलाके में अलमारी का हैंडल ठीक करने घर में घुसा सिकलीगर लॉकर में रखे सोने के गहने चोरी कर ले गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि प्रताप नगर कॉलोनी टोंक रोड निवासी अनिल कुमार तिवाड़ी ने मामला दर्ज कराया है। छह जनवरी की दोपहर करीब 3 बजे उसकी पत्नी ने गली में ताला-चाबी बनाने की आवाज लगा रहे सिकलीगर को रोका। अलमारी के टूटे हैंडल को ठीक करने को कहा। सिकलीगर हैंडल ठीक करने के बहाने घर में घुस आया। करीब आधा घंटे तक हैंडल ठीक करने की कोशिश करता रहा। इसी बीच नजर बचाकर अलमारी में रखा बैग पार कर लिया। इसके बाद अलमारी का लॉकर का हैंडल अंदर से टूट जाने बताकर नया लगाने की कहकर चला गया। इसके बाद लॉकर संभालने पर बैग गायब मिला। बैग में सोने की एक चेन, तीन जोड़ी टॉप्स व चार अंगूठी रखी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वारदातस्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को खंगाला। फुटेज में साइकिल सवार एक लड़का नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।