राज्यसभा चुनाव के संभावितों पर मंथन , दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री गहलोत
राजनीतिक नियुक्तियों और राज्यसभा चुनावों पर करेंगे आला नेताओं से चर्चा , 13 मार्च है राज्यसभा चुनाव के नामांकन की आखिरी तारीख

जयपुर। विधानसभा के चल रहे बजट सत्र के बीच ही अचानक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज सुबह दिल्ली पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को राजनीतिक नियुक्तियों की कवायद और राज्यसभा चुनाव को जोड़कर देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज सुबह 9.30बजे दिल्ली पहुंचे। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री गहलोत आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल,वरिष्ठ नेता अहमद पटेल और गुलाम नबी आजाद से मुलाकात करेंगे।
जानकारों की माने तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत वरिष्ठ नेताओं के साथ राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चा करेंगे। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन 6 मार्च से शुरू हो गए थे और नामांकन की आखिरी तारीख 13 मार्च है। ऐसे में राजस्थान औऱ दिल्ली के संभावित नामों को लेकर मुख्यमंत्री कांग्रेस अध्यक्ष से चर्चा करेंगे।
राजस्थान में खाली हो रही तीन सीटों में से दो सीटें संख्याबल के लिहाज से कांग्रेस के खाते में जाएगी। माना जा रहा है कि वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद 8 या मार्च तक कांग्रेस के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा हो सकती है।
वहीं चर्चा ये भी है कि मुख्यमंत्री अशोक राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर पार्टी के आला नेताओं से चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे के साथ राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर एक-एक नाम पर मंथन कर उसे फाइनल कर चुके हैं।
इनमें प्रदेश स्तरीय,निगम बोर्ड, आयोग और जिला स्तरीय राजनीतिक नियुक्तियां भी हैं। कांग्रेस आलाकमान की मंजूरी के बाद राजनीतिक नियुक्तियों की लिस्ट जारी हो सकती है। गौरतलब है कि कांग्रेस आलाकमान की ओर से कांग्रेस शासित राज्यों में 31 मार्च तक राजनीतिक नियुक्तियां जारी करने को कहा गया है।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज