scriptबादलों के पहरे के साथ सताने लगी धूप | cloudy weather | Patrika News

बादलों के पहरे के साथ सताने लगी धूप

locationजयपुरPublished: Apr 17, 2018 12:11:57 pm

Submitted by:

anand yadav

दिन व रात के तापमान में हुई बढ़ोतरी लेकिन धूप की आंखमिचौनी दिला रही गर्मी से राहत………

weather in rajasthan

cloudy weather

जयपुर। अप्रेल का दूसरा पखवाड़ा शुरू हो चुका है लेकिन प्रदेश में गर्मी के बढ़ते असर पर बादलों ने पहरा लगा रखा है। बादलों की रही आवाजाही के चलते पारे में बढ़ोतरी के बावजूद जहां दिन में धूप की तपन से राहत मिल रही है वहीं रात में भी गर्मी का असर कम महसूस हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चौबीस घंटे में प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में जहां धूलभरी हवाएं चलने व मौसम शुष्क रहने का अनुमान है वहीं राजधानी समेत पूर्वोत्तर हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ कुछ इलाकों में छितराई बौछारें गिरने की संभावना है। हालांकि अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान 40 डिग्री व उससे ज्यादा रहने की संभावना है।
बीते चौबीस घंटे में अलवर में छितराई बौछारों से मौसम ने पलटा खाया और रात के तापमान में गिरावट दर्ज हुई। अलवर में गिरी बौछारों से राजधानी में भी रात में गर्मी के तेवर थोड़े नर्म हुए लेकिन बादलों के कारण उमस का जोर बना रहा। राजधानी में बीती रात से शुरू हुई बादलों की आवाजाही आज सुबह भी बनी रही। बादल छाए रहने से सूर्योदय के साथ ही धूप की आंखमिचौनी का दौर बना रहा है। शहर में आज सुबह नौ बजे अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में आज छितराए बादल छाए रहने व दिन का तापमान 40 डिग्री व उससे ज्यादा रहने की संभावना है।
बीते चौबीस घंटे में मैदानी इलाकों में सबसे कम श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं अजमेर में सर्वाधिक 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। माउंट आबू में रात का तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। बीते दिनों हुई बारिश के कारण पिलानी में 23.8, सीकर 22.5,चित्तौड़ 21.5, चूरू 23.2, बीकानेर 24.2 और अलवर में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। अलवर में बीती रात हुई छितराई बारिश हुई वहीं आज सुबह से बादलों की आवाजाही लगातार बनी रही है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो