script‘ये लोग झूठ बड़े कॉन्फिडेंस से बोलते है, जिसे लोग सच समझ बैठते हैं’ | CM Ashok Gehlot: Children's day, Pt. Jawahar lal Nehru | Patrika News

‘ये लोग झूठ बड़े कॉन्फिडेंस से बोलते है, जिसे लोग सच समझ बैठते हैं’

locationजयपुरPublished: Nov 14, 2019 08:40:53 pm

Submitted by:

Arvind Palawat

देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर गुरूवार को बिड़ला सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ‘आधुनिक भारत निर्माण में पंडित नेहरू का योगदान’ विषय पर अपने विचार रखे।

'ये लोग झूठ बड़े कॉन्फिडेंस से बोलते है, जिसे लोग सच समझ बैठते हैं'

‘ये लोग झूठ बड़े कॉन्फिडेंस से बोलते है, जिसे लोग सच समझ बैठते हैं’

जयपुर। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर गुरूवार को बिड़ला सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ‘आधुनिक भारत निर्माण में पंडित नेहरू का योगदान’ विषय पर अपने विचार रखे। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश के विकास में नेहरू जी का विशेष योगदान रहा है और उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है। साथ ही भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग झूठ इतने कॉन्फिडेंस से बोलते है कि लोग उसे सही समझ बैठते है।
गहलोत ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में नेहरू जी का जो योगदान था, उसे आज सभी को बताने की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज तक कभी उन्होंने नेहरू, इंदिरा गांधी या राजीव गांधी की बात नहीं की। जिस २१वीं सदी की बात भाजपा करती है, वो इन लोगों की ही देन थी, जिनका वे नाम तक नहीं लेते है। साथ ही पंडि़त नेहरू के खिलाफ सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए गहलोत ने कहा कि ये लोग कांग्रेस मुक्त भारत बनाने की बात कहते है, लेकिन ये खुद ही मुक्त हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नेहरू को दुष्प्रचारित करने के पीछे एक खास मकसद यह है कि वे देश के पहले प्रधानमंत्री थे। भाजपा का मानना है कि यदि उनकी रीति-नीति को गलत बताया जाए तो कांग्रेस खत्म हो सकती है। इसलिए वे पं. नेहरू के खिलाफ दुष्प्रचार करते है। इस दौरान गहलोत ने शिक्षकों और युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे नेहरू, महात्मा गांधी जैसे महापुरूषों के योगदान को याद रखें और उसे आगे भी प्रचारित करें।
महाराष्ट्र विधायकों के राजस्थान में हुए खर्चे पर दिया ये जवाब
उधर, समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में महाराष्ट्र के विधायकों के राजस्थान घूमने और ठहरने पर हुए खर्च को लेकर बीजेपी की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर सीएम ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने झारखंड विधायकों का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी को यह पूछने का कोई हक नहीं है। गौरतलब है कि बिड़ला सभागार में राजस्थान शिक्षक कांग्रेस और राजीव गांधी स्टडी सर्किल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सर्किल के समन्वयक एवं तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग, उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी, शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा समेत कई विधायकों और बड़ी संख्या में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो