जयपुर

सीएम गहलोत का PM Modi पर प्रहार! कहा- असत्य बोलकर जनता को कर रहे हैं भ्रमित

प्रधानमंत्री प्रदेश में आएं, दौरे करें, लेकिन आग्रह है कि जनता को असत्य बोलकर गुमराह, भ्रमित करने की नकारात्मक राजनीति नहीं करें…

जयपुरFeb 27, 2019 / 10:09 am

dinesh

जयपुर।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने कहा कि लोकसभा चुनावों का समय है। प्रधानमंत्री प्रदेश में आएं, दौरे करें, लेकिन आग्रह है कि जनता को असत्य बोलकर गुमराह, भ्रमित करने की नकारात्मक राजनीति नहीं करें। पीएम (Narendra Modi) ने राज्य सरकार पर केन्द्र सरकार को लाभार्थी किसानों की सूची नहीं देने, प्रदेश के किसानों को लाभ नहीं दिलवाने के आरोप लगाएं हैं, जो निराधार एवं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा की तरह जानबूझकर जनता को भ्रमित कर रहे हैं या फिर उन्हें जानकारी नहीं है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न आरोपों के जवाब दिए हैं।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना: प्रत्येक लघु एवं सीमांत किसान के लिए राज्य स्तर पर बनाए गए किसान वेब पोर्टल पर अब तक 9,74,000 पात्र किसान परिवारों का पंजीयन हो चुका है। पीएम किसान पोर्टल पर राज्य के 1,27,000 पात्र लघु एवं सीमान्त किसानों का विवरण अपलोड किया जा चुका है। 26 फरवरी 2019 तक भारत सरकार के वेब पोर्टल पर 34,957 किसानो की जानकारी फीड की जा चुकी हैं।
 

यमुना का पानी
मुख्यमंत्री ने यमुना के पानी को पिछली भाजपा सरकार की और से चूरू तक लाने की बात को झूठा बताते हुए कहा कि यमुना नदी के जल बंटवारे को लेकर जो वर्ष 1994 में समझौता हुआ था, उसके अनुसार राजस्थान के हिस्से का पानी जो चूरू एवं झुंझुनंू जिलों को मिलना चाहिए था, वह आज तक नहीं मिला है।
 

योजनाओं को बंद करने का मामला
प्रधानमंत्री ने जिस रूप में भाजपा सरकार की योजनाओं को बंद नहीं करने की बात कही, उसके उलट गहलोत ने कहा कि सच्चाई तो यह है कि हमारी सरकार के पूर्व कार्यकाल में प्रस्तावित अनेक परियोजनाओं अजमेर-सवाई माधोपुर वाया टोंक रेल परियोजना, डूंगरपुर-बांसवाड़ा-रतलाम रेल परियोजना एवं भीलवाड़ा में मेमू कोच फैक्टरी परियोजना को केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार ने आगे नहीं बढऩे दिया।
 

आयुष्मान भारत योजना
पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने ही फैसला कर लिया था कि प्रदेश में भामाशाह योजना चल रही है इसलिए आयुष्मान भारत योजना उपयोगी नहीं है। इसलिए हमारी सरकार पर दोष मंढना गलत है। नरेन्द्र मोदी जब मुख्यमंत्री थे तबसे उन्हें मालूम है कि हमारी पूर्ववर्ती सरकार ने मुख्यमंत्री नि:शुल्क दवा एवं जांच योजना आरंभ की, जिसे अभूतपूर्व सकारात्मक पहल मानते हुए भारत सरकार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का घटक बनाया।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.