इधर आज शाम कांग्रेस महासचिव और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला के यहां शादी समारोह में भी दोनों नेता शामिल होंगे। दोनों नेताओं का आज रात ही जयपुर पहुंचने का भी कार्यक्रम है।
गहलोत ने कल सोनिया से की थी लंबी चर्चा
वहीं प्रदेश प्रभारी अजय माकन, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के साथ किसान सम्मेलन में शिरकत करने के बाद विशेष विमान से सीधे दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार रात कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर जाकर उनसे लंबी चर्चा की थी।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सोनिया गांधी के बीच जी-23 नेताओं के मामले, किसान आंदोलन और पांच राज्यों में घोषित हुए विधानसभा चुनाव और प्रदेश की 4 सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर चर्चा की थी। सूत्रों की माने तो किसानों के समर्थन में पार्टी की ओर से प्रदेश में किए जा रहे प्रदर्शनों और कार्यक्रमों को लेकर भी गहलोत ने सोनिया गांधी को जानकारी दी थी।
टिकट वितरण में गहलोत को फ्री हैंड
विश्वस्त सूत्रों की माने तो प्रदेश की चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव में टिकट वितरण और प्रत्याशी चयन में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गहलोत को फ्री हैंड दिया है। चार सीटों पर चुनाव जीतने की रणनीति से भी गहलोत ने सोनिया गांधी को अवगत कराया।