मुख्यमंत्री गहलोत ने आगे लिखा कि, चार राज्यों के चुनाव जीतने के बाद मोदी सरकार को विश्वास हो गया है कि चाहे कितनी भी महंगाई बढ़ जाए लेकिन धार्मिक धुर्वीकरण के कारण भाजपा चुनाव जीते रहेगी। इसलिए अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होकर विरोध दर्ज कराएं एवं मोदी सरकार की निरंकुशता पर रोक लगाएं। अन्यथा इसका खामियाजा हम सब को भुगतना पड़ेगा।
गौरतलब है कि पांच राज्यों के चुनाव के दौरान पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर थे लेकिन पांच राज्यों के चुनाव संपन्न होने के बाद रसोई गैस के दाम में 50 रुपए की वृद्धि के साथ ही पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसके विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 31 मार्च से 7 अप्रैल तक विरोध सप्ताह मनाने के निर्देश दिए हैं और इसी के तहत ब्लॉक-जिला और प्रदेश लेवल पर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं।
जयपुर में 7 अप्रैल को प्रदेश स्तरीय विरोध प्रदर्शन होगा जिसमें प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, पार्टी पदाधिकारी सहित तमाम नेता शामिल होंगे।