दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली बैठक मैं आज भी दौसा और धौलपुर प्रकरणों को लेकर चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि आज भी कई और लोगों पर गाज गिर सकती है। इससे पहले कल हुई समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने धौलपुर और दौसा मामलों को लेकर दोनों जिलों के पुलिस अधीक्षकों को हटाने के आदेश दिए थे।
आज भी जिले वार होगा महामंथन
सूत्रों की माने तो आज होने वाली बैठक में भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जिलेवार कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे और गृह विभाग और पुलिस के आला अधिकारियों से कानून व्यवस्था कड़ाई से पालना के आदेश देंगे। संभवत ऐसा पहली बार हो रहा है जब प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था और अपराधों को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लगातार कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। बैठक में गृह राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह यादव, मुख्य सचिव उषा शर्मा, डीजीपी एमएल लाठर, एसीएस होम अभय कुमार सहित कई आलाधिकारी मौजूद रहेंगे।
लचर कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष के निशाने पर सरकार
प्रदेश में महिला अपराधों में बढ़ोतरी और लचर कानून व्यवस्था को लेकर गहलोत सरकार इन दिनों विपक्ष के निशाने पर हैं। विधानसभा से लेकर सड़क तक विपक्ष ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को जमकर निशाने पर लिया है।
इससे पहले बुधवार को भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक के बाद एक कई ट्वीट करके धौलपुर और दौसा की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेने की हिदायत दी थी और कानून को ठेंगा दिखाने वाले लोगों पर भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे।