संयम लोढ़ा ने इस बार पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को निशाने पर लिया है। वसुंधरा राजे और संयम लोढ़ा के बीच अदावत जगजाहिर है। संयम लोढ़ा ने देर रात ट्वीट करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर हमला बोला, संयम लोढ़ा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि "8 पीएम नॉट सीएम" का नारा आप ही के लिए बना था।
आपका सत्ता से बाहर रहना जनहित में है, क्योंकि आप सत्ता से बाहर रहते हो तभी लोगों के फोन उठाते हो, लोगों के फोन उठाते रहिए"। संयम लोढ़ा के ट्वीट के बाद उनके ट्वीट को कई लोगों ने शेयर करते हुए प्रतिक्रिया देते हुए इसका समर्थन किया है।
वसुंधरा राजे ने यह किया था ट्वीट
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि "कई बार तो लोग मुझे रात को ही फोन कर देते हैं कि लाइट नहीं है, रात को इसलिए फोन उठा लेती हूं कि कहीं किसी को कोई जरूरी मदद की आवश्यकता तो नहीं है, लेकिन कई बार फोन पर बिजली की समस्या के बारे में ही सुनने को मिलता है'। "वास्तव में यही लोकतंत्र है यदि आप सच्चे मायनों में जनप्रतिनिधि हैं तो आपको हर पल लोगों के दुख-दर्द सुनने के लिए तैयार रहना चाहिए। हमेशा अपना फोन जनता के लिए ऑन रखना चाहिए, भाजपा के जनप्रतिनिधियों की यही खासियत है कि वे लोगों की सेवा के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं"।
निकाले जा रहे कई सियासी मायने
इधर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार संयम लोढ़ा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर ट्वीट के जरिए साधे गए निशाने के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। सियासी हलकों में भी इसे लेकर कई तरह की चर्चाओं का दौर चल पड़ा है।
नौकरशाहों को भी ले चुके निशाने पर
इससे पहले भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार और निर्दलीय विधायक संयम लोढ़ा सचिन पायलट कैंप के साथ-साथ नौकरशाहों पर भी निशाना साध चुके हैं। पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य को लेकर भी संयम लोढ़ा ने ट्विटर पर उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।