script

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को घेरा

locationजयपुरPublished: Nov 15, 2018 08:15:32 pm

Submitted by:

hanuman galwa

सोशल मीडिया पर वसुंधरा राजे ने संभाला मोर्चा

हनुमान गालवा/जयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि भाजपा शासन में ही महिलाओं के सम्मान का ख्याल रखा गया है। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान को लेकर कांग्रेस नेता कभी गंभीर नहीं है।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भाजपा कार्यकर्ता मयंक सेठी की ओर से अपनी बेटी की भाजपा को वोट देने की अपील को लेकर किए गए ट्वीट को री-ट्वीट करने के बाद गुरुवार को महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर कई ट्वीट किए। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि हमने 12 साल तक की मासूम बेटियों के साथ दुष्कर्म करने के अपराध पर फांसी की सजा का सख्त कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि ऐसा कदम कांग्रेस भी उठा सकती थी, लेकिन उनके नेता कभी भी महिलाओं के प्रति गंभीर नहीं थे। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि कांग्रेस के समय में कई बड़े और शर्मनाक प्रकरण सामने आए, लेकिन अपने आप को महिला हितैषी बताने वाली कांग्रेस ने कुछ नहीं कहा, जबकि भाजपा सरकार ने महिलाओं के सम्मान व उनकी सुरक्षा के लिए समय-समय पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
पीएम की तारीफ
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद मोदी की उज्ज्वला योजना, पीएम सुरक्षित मातृत्व अभियान सहित कई योजनाएं व तीन तलाक की कुप्रथा को समाप्त करने जैसे ठोस फैसले महिला सशक्तीकरण की दिशा में भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
भामाशाह का जिक्र
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने टिप्पणी की कि महिला कल्याण व उनके उत्थान के लिए भाजपा सरकार संवेदनशील रही है। हमने भामाशाह, राजश्री व पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के जन्म से लेकर वृद्धावस्था तक की संपूर्ण व्यवस्था की है।

ट्रेंडिंग वीडियो