कागजों में उलझी कंप्यूटर शिक्षक भर्ती, पांच लाख बेरोजगारों को इंतजार
प्रदेश में कंप्यूटर शिक्षक भर्ती (Computer teacher recruitment) नियमों के फेर में कागजों में उलझी हुई है। हर बार सरकार सरकारी स्कूलों (Government schools) में कंप्यूटर शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए कंप्यूटर शिक्षकों की भर्ती का दावा किया जाता है, लेकिन भाजपा व कांग्रेस दोनों सरकारें बेरोजगारों को इस भर्ती का तोहफा नहीं दे सकी है।

सीकर। प्रदेश में कंप्यूटर शिक्षक भर्ती (Computer teacher recruitment) नियमों के फेर में कागजों में उलझी हुई है। हर बार सरकार की ओर से सरकारी स्कूलों (Government schools) में कंप्यूटर शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए कंप्यूटर शिक्षकों की भर्ती का दावा किया जाता है, लेकिन भाजपा व कांग्रेस दोनों सरकारें बेरोजगारों को इस भर्ती का तोहफा नहीं दे सकी है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Chief Minister Ashok Gehlot) व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasara) की बैठक में कंप्यूटर शिक्षक भर्ती को लेकर काफी चर्चा हुई। इस दौरान कंप्यूटर शिक्षकों के कैडर को लेकर भी बात हुई, लेकिन भर्ती का खाका पूरी तरह तैयार नहीं हो सका है। प्रदेश के पांच लाख से अधिक बेरोजगारों को कंप्यूटर शिक्षक भर्ती का इंतजार है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा नवीं व दसवीं के विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा दिए जाने का प्रावधान है। लगभग दस हजार स्कूलों में कंप्यूटर लैब भी स्थापित है।
15 हजार पदों पर होनी है भर्ती
मुख्यमंत्री ने इस साल बजट में कंप्यूटर शिक्षकों के 15 हजार पदों पर भर्ती की घोषणा की थी। इसमें तृतीय श्रेणी कंप्यूटर शिक्षक के 10985 व द्वितीय श्रेणी कंप्यूटर शिक्षक के 3616 पद हैं। अभी शिक्षा विभाग ने तृतीय श्रेणी कंप्यूटर शिक्षकों के पदों पर सीधी भर्ती का निर्णय लिया है, वहीं द्वितीय श्रेणी शिक्षकों के आधे पदों को पदोन्नति और आधे पदों पर सीधी भर्ती से भरने का प्रस्ताव है। विभाग का तर्क है कि फिलहाल कंप्यूटर व्याख्याता के शिक्षकों की आवश्यकता नहीं है।
वित्तीय स्वीकृति में उलझी फाइल
यह भर्ती फिलहाल वित्त विभाग की मंजूरी के फेर में उलझी हुई है। सूत्रों की मानें तो वित्त विभाग की मंजूरी के बाद ही कंप्यूटर शिक्षकों की भर्ती की विज्ञप्ति जारी हो सकेगी, जबकि शिक्षा विभाग में उच्च स्तर पर इस भर्ती का अनुमोदन हो चुका है। शिक्षा निदेशक की ओर से भर्ती नियम सहित अन्य कार्य प्रक्रियाधीन है।
सरकार जल्द जारी करें विज्ञप्ति
राज्य सरकार को कंप्यूटर शिक्षकों की भर्ती के लिए जल्द विज्ञप्ति जारी करनी चाहिए। बेरोजगारों को कई सालों से इस भर्ती का इंतजार है।
उपेन यादव, प्रदेश प्रवक्ता, राजस्थान बेरोजगार एकीकृत महासंघ
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज