हालांकि राज्यसभा चुनाव में अभी 4 माह का समय बचा है, बावजूद इसके कांग्रेस पार्टी में राज्यसभा जाने के लिए लॉबिंग तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि 3 में से 2 सीटें कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं और एक सीट पर राजस्थान से किसी नेता को राज्यसभा भेजा जा सकता है।
जी-23 के मुखिया गुलाम नबी का नाम सबसे आगे
कांग्रेस गलियारों में चल रही चर्चाओं की माने तो जी-23 के मुखिया औऱ पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद का नाम राजस्थान से राज्यसभा जाने वालों में सबसे आगे हैं। बताया जा रहा है कि गुलाम नबी आजाद को संतुष्ट करने के लिए कांग्रेस आलाकमान ने भी राजस्थान से राज्यसभा भेजे जाने का प्रस्ताव दिया है, अंदर खाने की चर्चा है कि कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात के बाद आजाद ने इस प्रस्ताव को स्वीकार भी किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि गुलाम नबी आजाद राजस्थान से राज्यसभा जा सकते हैं। गुलाम नबी आजाद राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं।
प्रियंका गांधी और भंवर जितेंद्र का नाम भी चर्चा में
विश्वस्त सूत्रों की माने तो कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और भंवर जितेंद्र सिंह का नाम भी राज्यसभा की दौड़ में बताया जा रहा है। हालांकि प्रियंका गांधी के नाम की संभावना कम ही है लेकिन पार्टी महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह राजस्थान से राज्यसभा जाने के लिए जबरदस्त लॉबिंग कर रहे हैं।
राहुल गांधी कोर ग्रुप का एक धड़ा भी भंवर जितेंद्र को राज्यसभा भेजे जाने का जोर लगाए हुए हैं। हालांकि इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल राजस्थान से राज्यसभा भेजे गए हैं।
इन राज्यसभा सांसदों की सीटें होंगी खाली
जुलाई माह में जिन चार भाजपा सांसदों की सीटें खाली हो रही होंगी उनमें ओम प्रकाश माथुर, केजे अलफोंस, रामकुमार वर्मा और हर्षवर्धन सिंह डूंगरपुर है। इन सभी का कार्यकाल 4 जुलाई 2022 को पूरा हो रहा है।
जून 2019 से पहले सभी 10 सीटों पर था भाजपा का कब्जा
वहीं जून 2019 से पहले राजस्थान की सभी 10 राज्यसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा था लेकिन जून 2019 में भाजपा सांसद मदन लाल सैनी के देहात से खाली हुई राज्यसभा सीट पर कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह को चुनाव मैदान में उतारा था।
हालांकि तब भाजपा ने उनके सामने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा था, जिससे मनमोहन सिंह निर्विरोध चुन लिए गए थे। उसके बाद जून 2020 में 3 सीटों पर हुए राज्यसभा चुनाव में संख्या बल के लिहाज से 2 सीटें कांग्रेस पार्टी के खाते में गई थी और एक सीट भाजपा के खाते में गई थी। अब जून 2022 में 4 सीटों पर चुनाव होने हैं जिनमें से 3 सीटें कांग्रेस पार्टी के खाते में जाएगी और एक चीज भाजपा खाते में जाएगी।इस लिहाज से 10 में से 6 सीटों पर कांग्रेस पार्टी का कब्जा हो जाएगा।