जयपुर

राजस्थान कांग्रेस में गठबंधन की तलाश फिर शुरू, इन दलों से हाथ मिला सकती है राहुल की पार्टी

www.patrika.com/rajasthan-news/

जयपुरNov 01, 2018 / 10:49 am

dinesh

जयपुर। कांग्रेस ने राजस्थान में एक बार फिर गठबंधन की संभावनाओं को तलाशना शुरू कर दिया है। लोकतांत्रिक जनता दल (लोजद) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) से औपचारिक बातचीत भी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) से भी वार्ता का प्रयास शुरू किया गया है। हालांकि आरएलडी दो दिन पहले ही हाल में बनी नए दल राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के साथ गठबंधन की घोषणा कर चुकी है।
दरअसल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी राजस्थान में भी कांग्रेस के साथ अन्य दलों का गठबंधन चाहते हैं। हालांकि प्रदेश संगठन इससे इत्तेफाक नहीं रखता। उसका मानना है कि राजस्थान में पार्टी मजबूत स्थिति में है। ऐसे में गठबंधन करके अन्य दलों को सत्ता में अनावश्यक भागीदारी देनी पड़ेगी। इसके उलट राहुल की नजर सिर्फ राजस्थान के चुनाव तक सीमित नहीं है। वह 2019 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर पार्टी की मजबूती तय करना चाहते हैं। राहुल का मानना है कि मजबूत स्थिति वाले राजस्थान में यदि अन्य दलों के साथ गठबंधन से इनकार किया जाएगा तो लोकसभा चुनाव के महागठबंधन पर इसका असर ठीक नहीं पड़ेगा।
राहुल गांधी की पहल पर प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने लोजद प्रमुख शरद यादव, एनसीपी प्रमुख शरद पंवार और आरएलडी प्रमुख अजीत सिंह से मुलाकात की। यादव ने कुशलगढ और पंवार ने बाली सीट सहित अन्य पर उनके प्रत्याशी उतारने की मांग की। गठबंधन कितनी सीटों पर होगा और क्या शर्तें रहेंगी, यह निर्णय राहुल गांधी ही लेंगे।
पहले बसपा से नहीं बन पाई बात
उल्लेखनीय है कि पहले कांग्रेस पार्टी की बसपा के साथ भी गठबंधन को लेकर बातचीत हुई थी। लेकिन बसपा की ओर से सीटों की मांग अधिक करने के चलते बात नहीं बन सकी थी। कांग्रेस बसपा को छह सीट से अधिक नहीं देना चाह रही थी। इसके पीछा तर्क दिया गया था कि बसपा ने प्रदेश में कभी भी 6 से ज्यादा सीटें नहीं जीती। 6 सीट भी सिर्फ एक बार जीती थी। जबकि बसपा की ओर से करीब 17 सीटों की मांग की जा रही थी। ऐसे में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं हो सका। बाद में बसपा सुप्रीमों मायावती ने ही कांग्रेस से गठबंधन करने से इनकार कर दिया।
प्रदेश कांग्रेस नहीं चाहती गठबंधन
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस की स्थिति अच्छी होने से प्रदेश कांग्रेस किसी भी दल से गठबंधन करने के मूड़ में नहीं है। लेकिन अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी को लोकसभा में मजबूत करने के लिए अन्य दलों को राज्यों से ही साथ लेने की मशक्कत कर रहे हैं। जिससे कि विधानसभा चुनाव में दलों के साथ गठबंधन होगा, तो लोकसभा चुनावों में ज्यादा परेशानी नहीं होगी।

Home / Jaipur / राजस्थान कांग्रेस में गठबंधन की तलाश फिर शुरू, इन दलों से हाथ मिला सकती है राहुल की पार्टी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.