जयपुर

कांग्रेसियों के लिए अहम खबर, राजनीतिक नियुक्तियों के लिए अभी करना होगा इन्तजार

कांग्रेस में राजनीतिक नियुक्तियां होंगी जरूर, लेकिन अभी देर से, अंतिम फैसला कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी करेंगी, लगातार चुनाव होने के साथ फॉर्मूला तय करने से लग सकता है समय
 
 

जयपुरNov 07, 2019 / 07:11 pm

Deepshikha Vashista

कांग्रेसियों के लिए अहम खबर, राजनीतिक नियुक्तियों के लिए अभी करना होगा इन्तजार, प्रदेश इकाई और मंत्रियों से मांगे गए नाम

शादाब अहमद / जयपुर. राजस्थान में कांग्रेस में सरकार बनाए हुए अब एक साल होने को है, लेकिन राजनीतिक नियुक्तियों का इंतजार बढ़ता जा रहा है। लगातार कोई न कोई चुनाव होने के साथ अब कांग्रेस आलकमान सोनिया गांधी की ओर से फॉर्मूला तय करने से ऐसी नियुक्तियां करने में अभी कुछ और वक्त लग सकता है। आलकमान ने साफ कर दिया है कि ऐसे पदों पर कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को ही नियुक्ति दी जाए।
राजस्थान में कांग्रेस सरकार बनने के बाद से टिकट से वंचित रहे कई वरिष्ठ नेता आयोग, बोर्ड, निगम और समितियों में राजनीतिक नियुक्ति की उम्मीद लगाए बैठे हैं। पहले लोकसभा चुनाव और अब निकाय चुनाव होने के चलते पार्टी ऐसी नियुक्तियों से बच रही है। हालांकि नेताओं के चयन की प्रक्रिया लगातार चल रही है। इसके लिए अलाकमान ने अलग-अलग स्तर से नाम मांगे हैं।
मंत्रियों और प्रदेश संगठन से भी नाम मांगे गए हैं। यह काम 30 नवंबर तक पूरा करने के लिए कहा है। इसके बाद इन नामों पर सहमति बनाने का काम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और प्रभारी महासचिव अविनाश पांडे का होगा। इसके बाद आयोग, बोर्ड, निगम और समितियों में अध्यक्ष व सदस्यों के नामों की सूची सोनिया गांधी को भेजी जाएगी, जिस पर वह अंतिम निर्णय करेगी। इसमें करीब एक से डेढ़ महीने का समय लग सकता है। हालांकि सोनिया गांधी ने इन नियुक्तियों को जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग और ट्रिब्यूनल: 94 में से 55 पद खाली

राजस्थान के विभिन्न आयोग और ट्रिब्यूनल में अध्यक्ष और सदस्यों के रिक्त पदों का मामला राजस्थान हाइकोर्ट में चल रहा है। इसको लेकर इसी महीने में सुनवाई भी होनी है। अकेले इन आयोग और ट्रिब्युनल में ही अध्यक्ष और सदस्यों के 94 पद हैं, जिनमें से वर्तमान में 55 पद खाली हैं। सरकार हाइकोर्ट में कह चुकी है कि इनमें से 29 पदों को भरने की प्रक्रिया चल रही है।
यहां चल रही है प्रक्रिया

-राज्य उपभोक्ता संरक्षण आयोग में सदस्यों के लिए
-सहकारिता ट्रिब्युनल में सदस्य के लिए
-नि:शक्तजन आयुक्त
-आरपीएससी में 4 सदस्य
-मानवाधिकार आयोग में सदस्य का एक पद
-सूचना आयोग-मुख्य सूचना आयुक्त व सूचना आयुक्त का एक पद
-किसान आयोग-अध्यक्ष व 10 सदस्यों के पद
-रेरा अपीलीय ट्रिब्युनल-अध्यक्ष का पद
दिसंबर मध्य तक उम्मीद

राजस्थान में राजनीतिक नियुक्तियों के लिए प्रक्रिया चल रही है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस काम को जल्द पूरा करने के लिए कहा है। दिसंबर मध्य तक नियुक्तियां शुरू होने की उम्मीद है।
अविनाश पांडे, कांग्रेस महासचिव व प्रभारी राजस्थान

Home / Jaipur / कांग्रेसियों के लिए अहम खबर, राजनीतिक नियुक्तियों के लिए अभी करना होगा इन्तजार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.