बाड़मेर में शाम 4बजे होने वाले विरोध प्रदर्शन में खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शामिल होंगे। प्रदर्शन के दौरान केंद्र की मोदी सरकार का पुतला दहन करके महंगाई कम करने की मांग की जाएगी। जिलों में आज से होने वाले प्रदर्शन 4 अप्रैल तक अलग-अलग किए जाएंगे।
जयपुर में 4 अप्रैल को होगा प्रदर्शन
वहीं महंगाई के खिलाफ पूर्व में प्रदर्शन करने के चलते जयपुर शहर कांग्रेस की ओर से अब 4 अप्रैल को जयपुर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया जाएगा। जयपुर शहर के निवर्तमान अध्यक्ष और खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में प्रदर्शन होगा, जिसमें जयपुर शहर के कई विधायक और जलदाय मंत्री महेश जोशी भी शामिल होंगे।
7 अप्रैल को जयपुर में प्रदेश स्तरीय विरोध प्रदर्शन
वहीं महंगाई के खिलाफ विरोध सप्ताह के अंतिम दिन 7 अप्रैल को महंगाई के खिलाफ प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन होगा। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में होने वाले प्रदर्शन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मंत्रिमंडल के सदस्य भी शामिल होंगे। गौैरतलब है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से सभी राज्यों को महंगाई के खिलाफ अलग-अलग प्रदर्शन करने के लिए अलग अलग टास्क दिया गया है। राजस्थान कांग्रेस को 31 मार्च से 7 अप्रेल तक ब्लॉक, जिला और प्रदेश लेवल पर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करने हैं।